मोहाली। पिछले साल ड्यूटी के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिस और अर्धसैनिक बलों के शहीदों की याद में मोहाली पुलिस ने सोमवार को जिला प्रशासनिक परिसर में एक पुलिस स्मृति दिवस परेड आयोजित की। इसका नेतृत्व परेड कमांडर के रूप में डीएसपी जितेंदर चौहान ने किया और इस अवसर पर शहीद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की याद में दो मिनट का मौन रखा गया। एसपी (ग्रामीण) मनप्रीत सिंह ने पिछले साल अपनी जान गंवाने वाले पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों के नाम पढ़े।
इस मौके पर डीआईजी रोपड़ रेंज नीलांबरी जगदले ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें हमारे पुलिस जवानों, अर्धसैनिक बलों की बहादुरी की याद दिलाता है, जिन्होंने जीतों या मरो के मिशन के साथ भारत विरोधी ताकतों के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। डीआईजी ने कहा कि मोहाली जिला ऐसे परिवारों की विरासत को भी संभाल रहा है, जिनके सदस्यों ने कर्तव्य पथ पर अपनी जान गंवाई है। अमन-शांति, एकता और अखंडता के लिए नया खतरा बनकर उभरे ड्रग्स और गैंगस्टरों से लड़ने पर जोर देते हुए डीआईजी ने कहा कि हमें अपने युवाओं को राष्ट्र विरोधी ताकतों और असामाजिक तत्वों के चंगुल से बचने के लिए ऐसी ताकतों से लड़ना होगा। पुलिस स्मृति दिवस परेड में भाग लेने वाले 27 शहीदों के परिवारों को उपहार देकर सम्मानित किया गया और पुलिस अधिकारियों ने उनके साथ अपनी एकजुटता व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में डीआइजी नीलांबरी जगदले, एसएसपी दीपक पारिख, एडीसी (सी) विराज एस तिडक़े, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनीश गोयल, एसपी, डीएसपी, थाना प्रभारी, पंजाब पुलिस के पेंशनभोगी और शहीदों के परिवार के सदस्यों ने शहीदों को श्रद्धा के फूल अर्पित किए।