बच्चे के परिजनों को तलाशती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने बॉलीवुड फिल्म बजरंगी भाईजान फिल्म के कलाकार सलमान खान की तरह एक बच्चे को अपने परिजनों से मिलाया। मटौर थाने की पुलिस वाले पूरा दिन बच्चे को अपनी कार में लेकर विभिन्न पार्कों और बाजारों में घूमते रहे। इस दौरान बच्चा भूखा था लेकिन वह कुछ बोल नहीं रहा था। ऐसे में पुलिस ने बच्चे को बिस्कुट, चॉकलेट और टॉफी तक खिलाए। आखिर में बच्चे के परिजन पुलिस को मिले तब जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली।
मटौर थाने के एसएचओ राजीव कुमार ने बताया कि फेज-3-पांच की लाइटों पर उर्मिला नाम की एक महिला को उक्त बच्चा अकेले मिला था। बच्चा रो रहा था लेकिन उसके परिजनों को कोई पता नहीं था। उर्मिला ने इस दौरान करीब एक घंटे तक खुद बच्चे की तलाश की लेकिन जब वह कामयाब नहीं हुई तो सेक्टर-61 चंडीगढ़ के थाने चली गई।
जब वहां की पुलिस ने पूछा कि बच्चा कहां से मिला तो पता चला कि यह मामला मटौर थाने के अधीन आता है। इस पर मोहाली पुलिस हरकत में गई और बच्चे को लेकर विभिन्न जगह घूमी। आखिर में बच्चे के परिजन मिल गए जिसके बाद बच्चे को उनके हवाले कर दिया गया।
महिला पुलिस मुलाजिम बच्चे को गोद में लेकर घूमती रही
जानकारी के मुताबिक इस दौरान बच्चे को एक महिला पुलिस मुलाजिम गोद में उठाकर घूमती रही। इतना ही नहीं उसे प्यार-दुलार भी दिया ताकि बच्चा बेझिझक अपनी बात बता सके पर बच्चा काफी छोटा था। इसलिए वह सही तरीके से अपने परिजनों के बारे में बता भी नहीं पा रहा था। फिर भी पुलिस ने हिम्मत नहीं हारी और आखिर परिजनों को ढूंढ निकाला।