हाउस में 480 सफाई कर्मचारियों को नियमित करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक में समगौली में एक प्लांट स्थापित करने की कार्रवाई शुरू करने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी गई।
मोहाली नगर निगम की सोमवार को हुई हाउस मीटिंग में मेयर सरबजीत सिंह समाना की अध्यक्षता में शहर के विकास और सफाई व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
विज्ञापन
हालांकि, बैठक के दौरान कई मुद्दों पर पार्षदों के बीच तीखी बहस और शोर-शराबा भी देखने को मिला। मेयर के पिता और मोहाली से विधायक कुलवंत सिंह भी इस बैठक में विशेष रूप से शामिल हुए।
पारित प्रमुख प्रस्ताव
हाउस में 480 सफाई कर्मचारियों को नियमित करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इसके अतिरिक्त, शहर में एक नाइट फूड स्ट्रीट विकसित करने, नगर निगम में नव-शामिल किए गए इलाकों में फॉगिंग करवाने और बस क्यू शेल्टरों के लिए नए विज्ञापन टेंडर बुलाने संबंधी प्रस्तावों को भी पारित किया गया।
विज्ञापन
समगौली में प्लांट की स्थापना को हरी झंडी
बैठक में समगौली में एक प्लांट स्थापित करने की कार्रवाई शुरू करने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी गई। पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों से संबंधित समस्याओं को सदन में उठाया, जिनमें शहर में लगातार बनी हुई कूड़े की समस्या, सफाई व्यवस्था में कमी और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे।
व्यवस्था सुधार की मांग
बैठक के दौरान, पार्षदों ने विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों से जवाब मांगे और व्यवस्था में सुधार की मांग की। हंगामे और बहस के बीच, हाउस ने कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को अंतिम मंजूरी दे दी, जो शहर के विकास और नागरिकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक कदम माने जा रहे हैं।