नाइट कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जानकारी देते डीसी गिरीश दियालन।
- फोटो : @GirishDayalan
मोहाली में नाइट कर्फ्यू तोड़कर घर से निकलने वालों और कोरोना गाइड लाइन का पालन न करने वाले लोगों पर प्रशासन सख्त हो गया है। शुक्रवार-शनिवार को एक तरफ जहां मास्क न पहने वाले 366 लोगों के चालान किए गए। वहीं नाइट कर्फ्यू में बिना किसी वजह घर से निकले 66 लोगों के वाहनों को पुलिस ने जब्त किया है। वाहन जब्त होने के बाद लोगों को पैदल घर जाना पड़ा।
इसके साथ ही 15 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। यह जानकारी खुद डीसी मोहाली गिरीश दियालन ने दी। उन्होंने इस बारे में एक ट्वीट भी किया है। साथ ही इस जानकारी को सरकार और पुलिस के साथ भी शेयर किया है। डीसी ने साफ किया है कि किसी को भी नियम तोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मोहाली में कोरोना संक्रमण का ग्राफ बढ़ रहा है। कोरोना से मौत मामलों में मोहाली ट्राइसिटी में टॉप पर बना हुआ है। इतना ही नहीं केंद्र से आई टीम ने भी जिला प्रशासन द्वारा कोविड संबंधी किए गए इंतजामों को नाकाफी बताया था। इसके बाद से जिला प्रशासन एक्टिव मोड में आ गया है।
शुक्रवार को डीसी गिरीश दियालन और एसएसपी सतिंदर सिंह इकट्ठे पूरे शहर में निकले थे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि कोरोना गाइडलाइन का पालन न करने वालों को माफ न किया जाए। ऐसे लोगों के सीधे चालान किए जाएं। साथ ही कर्फ्यू के दौरान जो वाहन सड़कों पर बिना किसी वजह से घूमते हैं, उन्हें जब्त किया जाए। साथ ही मार्केटों के पास स्पेशल नाके लगाए जाए।
इसके बाद से जिले के सभी थानों की टीमें पूरी तरह से सक्रिय थी। सभी थानों की पुलिस ने अपने एरिया में कार्रवाई की है। इस दौरान कुछ इलाकों में नौ बजे के बाद दुकाने भी खुली मिली हैं, उनके मालिकों पर केस दर्ज किया है। डीसी ने कहा कि हमारा उद्देश्य किसी को तंग या परेशान करना नहीं है। इस बीमारी को मात देने के लिए सख्ती करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि अगर लोग इस स्थिति में सहयोग देंगे तो हम जल्दी ही इस महामारी पर फतेह हासिल कर लेंगे।