खरड़। मनरेगा कर्मचारी यूनियन ने जिला प्रधान सुखदीप सिंह के नेतृत्व में वीरवार को पंजाब सरकार के खिलाफ मांगें न मानने पर बीडीपीओ दफ्तर खरड़ समक्ष ब्लॉक स्तरीय धरना दिया।
इस संबंधी मनरेगा कर्मचारी यूनियन के प्रधान तजिंदर सिंह ने बताया कि ग्रामीण विकास व पंचायत विभाग में मनरेगा के अधीन पिछले 10-12 साल से ड्यूटी कर रहे मनरेगा कर्मियों ने मांगों को लेकर ब्लॉक स्तरीय प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं।
समय-समय पर मनरेगा कर्मचारी यूनियन द्वारा उनकी सेवाएं पंचायत विभाग में मर्ज करके रेगुलर करने संबंधी मांग उठाई जा रही है। विभाग द्वारा रेगुलर करने का केस दो बार प्रोसोनल विभाग को भेजा जा चुका है, जिसे सरकार ने खजाना खाली होने को बहाना लगा कर लौटा दिया है। मनरेगा कर्मचारियों के अनुभव को दरकिनार करते हुए विभाग में पंचायत सचिवों तथा स्टेनोग्राफरों की भर्ती की जा चुकी है।
आज तक न तो कर्मियों का ईपीएफ काटा जा रहा है, न मोबाइल भत्ता दिया जा रहा है और न ही मेडिकल समेत कई अन्य सरकारी सुविधाएं। इस अवसर पर मनजिंदर कौर, मीना कुमारी, गुरविंदर सिंह, दिनेश कुमार, गुरप्रीत सिंह, तीर्थ सिंह, तजिंदर सिंह, तरुण कुमार, सतीश कुमार तथा अमरिंदर सिंह आदि भी उपस्थित थे।