डेराबस्सी। शहर में हाईवे पर स्थित एसबीपी हाउसिंग पार्क सोसाइटी में शनिवार रात शरारती तत्वों ने अग्निशमन यंत्र चलाकर उसे खाली कर दिया और ऊपर से नीचे फेंककर नीचे खड़ी हुई एक गाड़ी के शीशे तोड़ दिए।फ्लैटों में रहने वाले लोगों ने गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि सोसाइटी में शरारती तत्व कोई भी हरकत कर आसानी से निकल जाते हैं, जो सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रहे है। जिस जगह पर यह घटना हुई, उसके आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे और जहां लगे थे, वे बंद पड़े हैं। इसका फायदा शरारती तत्व उठाते हैं।
एसबीपी के निवासियों ने कहा कि इतने साल बाद भी वे लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। बारहवीं मंजिल से गिरकर एक युवक की मौत के बाद बिल्डरों ने ऊपर जाते समय टूटे दरवाजों की मरम्मत की। यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। पिछले दिनों लोगों ने बिल्डर के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन भी किया था। लोगों ने गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि फ्लैट बेचते समय बिल्डर ने जो वादे किए थे, वे आज तक पूरे नहीं किए गए। यहां घूमने वाले आवारा कुत्ते करीब एक दर्जन बच्चों और अन्य लोगों को घायल कर चुके हैं।
जब इस बारे में आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष दीपक झा से बात की तो उन्होंने मेंटेनेंस मैनेजर से बात करने को कहते हुए कोई उचित जवाब नहीं दिया। बिल्डर को फोन करने पर उनसे संपर्क नहीं हो सका।