फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेयर का दावा : मोहाली को एक साल में दिलाएंगे कूडे़ के पहाड़ से मुक्ति, निजी कंपनी को सौंपा प्रोजेक्ट

विज्ञापन
डंपिंग ग्राउंड का दौरा करते मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू। - फोटो : MOHALI
विज्ञापन
मोहाली। शहर के फेज-8 में इंडस्ट्रियल एरिया के नजदीक स्थित डंपिंग ग्राउंड में बने कूड़े के पहाड़ से उठने वाली बदबू से लोगों को आने वाले एक साल में पूरी तरह से छुटकारा मिल जाएगा। इतना ही नहीं इस दौरान यहां पर आने वाले गीले कूड़े से खाद बनाई लाएगी और सूखे कूड़े का उचित तरीके से निस्तारण किया जाएगा।
विज्ञापन

यह पूरा काम एक इको स्टैन नाम की कंपनी द्वारा किया जाएगा। कंपनी को इसके वर्क ऑर्डर जारी कर दिए जाएंगे। यह खुलासा शुक्रवार को नगर निगम के मेयर अमजीत सिंह जीती सिद्धू ने उस समय किया। जब वह डंपिंग ग्राउंड का जायजा लेने के लिए इंडस्ट्रियल एरिया पहुंचे। इस दौरान उनके साथ सीनियर डिप्टी मेयर अमरीक सिंह सोमल, डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी और नगर निगम के कमिश्नर डॉ. कमल कुमार गर्ग समेत तमाम अधिकारी मौजूद थे।
मोहाली का डंपिंग ग्राउंड दिल्ली में कूड़े के पहाड़ जैसा बन गया था। इस कारण यहां उठने वाली बदबू से आसपास के रिहायशी इलाके के लोगों और कंपनियों में काम करने वाले लोगों को दिक्कत आ रही थी। इतना ही नहीं चप्पड़चिड़ी स्थित देश की सबसे ऊंची फतेह मीनार की खूबसूरती पर इसकी वजह से ही ग्रहण लग रहा था।
विज्ञापन

वहीं, इस संबंध में मामला पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में भी गया था। ऐसे में इस दिशा में नगर निगम ने पहले अपने स्तर पर मशीनें मंगवाकर काम शुरू कर दिया था। लेकिन इस काम में दिक्कत आ रही थी। इसके बाद निगम ने कंपनियों से आवेदन मांगे थे। तीन कंपनियों ने आवेदन किया था। इसके बाद कंपनी के पूरे तथ्य और चीजों को देेखने के बाद इस दिशा में काम शुरू किया गया है। मेयर ने कहा कि यह करीब तीन लाख टन कूड़े का पहाड़ है। इसे कंपनी एक साल में प्रोसेस कर प्लेन कर देगी और साथ ही इस पहाड़ को एक मैदान के रूप में तब्दील कर देगी। कंपनी को यहां एक महीने में मशीनें स्थापित करने के बाद काम शुरू करने की हिदायत दी गई है।
4.35 करोड़ में दिया ठेका, रोजाना 600 टन कूडे़ का होगा निस्तारण
इस मौके पर नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि जिस कंपनी को यह पहाड़ खत्म करने का ठेका दिया जा रहा है, उस कंपनी द्वारा साइट पर बड़ी मशीनें स्थापित की जाएंगी। हर घंटे 50 टन कूड़े का निपटारा किया जाएगा। एक दिन में करीब 600 टन कूड़े का निस्तारण किया जाएगा। यह प्रोजेक्ट कंपनी ने नौ फीसदी लैस पर 4.35 करोड़ में हासिल किया है। नगर निगम को उम्मीद है कि इस प्रोजेक्ट से स्वच्छ भारत रैंकिंग में भी इलाके का सुधार होगा। इस मौके पर नगर निगम के कमिश्नर डॉ. कमल कुमार गर्ग, एसई संजय कंवर, एक्सईएन हरप्रीत सिंह और अन्य उच्च अधिकारी मौजूद थे।
शपथ ग्रहण के बाद जीती सिद्धू हुए सक्रिय
जानकारी के मुताबिक शपथ ग्रहण के पश्चात मेयर बनने के बाद से अमरजीत सिंह जीती सिद्धू पूरी से सक्रिय नजर आ रहे हैं। उनका फोकस पूरी तरह से लोगों से जुड़ी समस्याओं को दूर करने पर है। वीरवार को उन्होंने सीवरेज लाइन के प्रोजेक्ट का जायजा लिया था और साथ ही सीवरेज लाइन के लिए खोदकर छोड़ी गई सड़क को एक महीने में बनाने का आदेश अधिकारियों को दिया था।
इससे पहले भी मेयर बनते ही उन्होंने कहा था कि उनका फोकस शहर के विकास पर रहेगा। पहले पूरे किए सभी प्रोजेक्टों की उचित तरीके से देखभाल की जाएगी। साथ ही शहर के लोगों की सभी समस्याओं को दूर किया जाएगा।
कुछ दिन पहले डंपिंग ग्राउंड में लगी थी आग
बता दें कि कुछ दिन पहले जब चंडीगढ़ के डंपिंग ग्राउंड में आग लगी थी तो उसी दौरान मोहाली के डंपिंग ग्राउंड में भी आग लग गई थी और कई दिन तक आग सुलगने के कारण धुआं निकलता रहा था। ग्राउंड से उठने वाला जहरीला धुआं पूरे इलाके में फैल गया था। इस कारण सड़कों पर कुछ नहीं दिख रहा था और लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया था। इसके बाद करीब पांच दिन में आग पर काबू पाया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें