जीरकपुर। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे स्थित माया गार्डन सिटी में रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के दो डायरेक्टर पदों के लिए कल मतदान होगा। यह चुनाव 31 मई 2026 को होगा, जिसमें कुल छह उम्मीदवार मैदान में हैं। 1700 से अधिक फ्लैटों वाली इस बड़ी सोसाइटी में चुनाव को लेकर खासा उत्साह है।
मतदान डी-8 पार्किंग एरिया में सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक कराया जाएगा। यह चुनाव दो मौजूदा डायरेक्टरों के सेवानिवृत्त होने के बाद हो रहा है। चुनाव जनवरी 2026 में होना था, लेकिन करीब पांच महीने की देरी के बाद अब इसकी तारीख तय हो सकी है। निवासियों के दबाव और प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद एसडीएम कार्यालय ने लंबित चुनाव कराने के निर्देश दिए थे। दो पदों के लिए कुल छह उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें मौजूदा आरडब्ल्यूए से जुड़े दो सदस्य और दो पूर्व पदाधिकारी शामिल हैं। हालांकि, इस चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा दो नए चेहरों को लेकर है। ए3-704 से कोमल और बी3-901 से अनिल गुप्ता अपने प्रचार अभियान को लेकर निवासियों के बीच चर्चा में हैं। निवासियों का कहना है कि इस बार लोग नए चेहरे और पेशेवर सोच वाली लीडरशिप चाहते हैं।
उम्मीदवारों का प्रचार और वादे
दोनों नए उम्मीदवार डिजिटल और घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं। उनके अभियान में पारदर्शिता, बेहतर संवाद और तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा है। उम्मीदवार अनिल गुप्ता ने कहा कि उनका लक्ष्य सोसाइटी प्रबंधन में कॉरपोरेट स्तर की पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीक लाना है। कोमल ने कहा कि आरडब्ल्यूए बोर्ड में महिलाओं की मजबूत भागीदारी जरूरी है। उन्होंने महिलाओं, संयुक्त मालिकों और किरायेदारों के उचित प्रतिनिधित्व की बात कही।
बदलाव की उम्मीद और चुनावी माहौल
सोसाइटी के कई निवासियों का मानना है कि माया गार्डन सिटी का यह चुनाव बड़ी रिहायशी सोसाइटियों के प्रबंधन में बदलाव की दिशा तय कर सकता है। मतदान से पहले सोसाइटी में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म है। निवासी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की तैयारी कर रहे हैं। यह चुनाव सोसाइटी के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।