चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) में तीन दिसंबर को होने वाले कार्यक्रम को लेकर शहर में सोमवार और मंगलवार के लिए पुलिस की ओर से ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। इस दौरान कुछ मुख्य सड़कें बंद रहेंगी, जबकि कुछ सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि अगर इन दो दिनों में इन मार्गों से गुजरना है तो सबसे पहले पुलिस की ओर से जारी ट्रैफिक एडवाइजरी को देखकर निकलें ताकि परेशानी का सामना न करना पड़े।
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार दो दिसंबर को दक्षिण मार्ग पर एयरपोर्ट लाइट पॉइंट, हल्लोमाजरा लाइट पॉइंट, पोल्ट्री फार्म चौक, ट्रिब्यून चौक, आयरन मार्केट लाइट पॉइंट, गुरुद्वारा चौक, न्यू लेबर चौक (सेक्टर 20/21-33/34) सरोवर पथ पर ओल्ड लेबर चौक (सेक्टर 18/19-20/21 चौक), एपी चौक (सेक्टर 7/8-18/19) और हीरा सिंह चौक (सेक्टर 5/6-7/8 चौक) पर वीवीआईपी के आवागमन के दौरान यातायात डायवर्ट/प्रतिबंधित रहेगा। रात्रि 8:15 बजे से रात्रि 9:30 बजे तक एयरपोर्ट से वीवीआईपी मूवमेंट के चलते यह सड़कें बंद रहेंगी।
तीन दिसंबर को दक्षिण मार्ग पर एयरपोर्ट लाइट पॉइंट, हल्लोमाजरा लाइट पॉइंट, पोल्ट्री फार्म चौक, ट्रिब्यून चौक, आयरन मार्केट लाइट पॉइंट, गुरुद्वारा चौक, न्यू लेबर चौक (सेक्टर 20/21-33/34) सरोवर पथ पर ओल्ड लेबर चौक (सेक्टर 18/19-20/21 चौक), एपी चौक (सेक्टर 7/8-18/19) और हीरा सिंह चौक (सेक्टर 5/6-7/8 चौक) विज्ञान पथ पर सेक्टर 4/5-8/9 चौक, न्यू बैरिकेड चौक (सेक्टर 3/4-9/10), सेक्टर 2/3-10/11 चौक और पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) लाइट पॉइंट पर वीवीआईपी की आवाजाही के दौरान यातायात को डायवर्ट/प्रतिबंधित किया जाएगा। इन सड़कों पर सुबह 11 से दोपहर 3:30 बजे तक सामान्य वाहनों के लिए आवाजाही बंद रहेगी। इसके अलावा, वीवीआईपी आवागमन के चलते कुछ अन्य सड़यों पर यातायात की आवाजाही प्रतिबंधित/डायवर्ट की जा सकती है। ट्रैफिक पर वास्तविक समय के अपडेट के लिए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया अकाउंट पर पल-पल की जानकारी सांझा की जाएगी।
ई-गवाही और ई-सम्मनिंग की शुरुआत करेंगे प्रधानमंत्री मोदी
एक जुलाई 2024 को देशभर में तीन नए कानून भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू हुए पांच महीने बीत चुके हैं लेकिन अभी तक कई स्तर पर नए कानूनों के मुताबिक कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी है। पुलिस स्तर पर सभी तरह के कार्य लगभग पूरे कर लिए गए हैं, लेकिन अदालत के स्तर पर होने वाली ई-सम्मनिंग और ई-गवाही शुरू करने का इंतजार हो रहा है। तीन दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ई-गवाही और ई-सम्मनिंग का भी श्रीगणेश कर शुभारंभ करेंगे। पेक में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री तीन नए कानूनों की समीक्षा करेंगे और चंडीगढ़ पुलिस को अपने स्तर पर होने वाली कार्रवाई को देश में सबसे पहले 100 प्रतिशत लागू करने पर रिटर्न गिफ्ट भी देंगे। इस कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।