संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। माइनिंग विभाग व पुलिस प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से माइनिंग कर रहे अज्ञात लोगों खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने दो पोकलेन मशीनों को जब्त किया है। बताया जा रहा है के हरियाणा का माइनिंग माफिया की ओर से अवैध खनन किया जा रहा था। पुलिस रेड की भनक पड़ी तो वह अपने साधन लेकर फरार हो गए और दो पोकलेन मशीनें वहीं छोड़ गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। हैरानी की बात है कि पुलिस ने यह कार्रवाई शनिवार रात करीब साढ़े 7 से 8 बजे के बीच की लेकिन रविवार शाम सात बजे तक मशीनों को थाने पहुंचाने के लिए जद्दोजहद की जा रही थी। पोकलेन मशीनों की चाबी न होने पर पुलिस को मशीनें ले जाने में दिक्कत हो रही थी। बताया जा रहा है कि अवैध माइनिंग कई दिनों से चल रही थी। जिसकी लोग शिकायत कर रहे थे। इस संबंध में माइनिंग इंस्पेक्टर जतिन कुमार ने बताया कि उनको शिकायत मिली तो उन्होंने पुलिस के साथ कार्रवाई की तो माफिया के लोग भाग गए थे। यह अवैध खनन छत रामपुर की जमीन पर किया जा रहा था और माफिया माइनिंग कर घग्गर दरिया पार कर डेराबस्सी के रास्ते ट्रक निकाल रहा था। जिन ठेकेदारों के पास यहां डी सिलटिंग का ठेका है वह डैम की दूसरी तरफ काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया की आगामी कार्रवाई पुलिस करेगी। बता दें कि पिछली सरकारों के दौरान भी माइनिंग माफिया ने बिना परमिशन के सैकड़ों एकड़ जमीन खोद डाली थी और डैम तक पहुंच गए थे। यदि उन्हें न रोका जाता तो डैम को खतरा हो सकता था।
कोट्स
लोग अवैध खनन की शिकायत कर रहे थे। इसके बाद माइनिंग विभाग के साथ यह कार्रवाई की गई और दो पोकलेन मशीनों को जब्त किया गया है। जिन्हें थाने लाया जा रहा है। मशीनों के मालिकों के पकड़े जाने के बाद ही पता चल पाएगा कि कितने बंदे इसमें शामिल है। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
राज कुमार, जांच अधिकारी थाना जीरकपुर