राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत करतीं लड़कियां। संवाद
मोहाली। पंजाब की लड़कियां लड़कों की अपेक्षा कई गुणा प्रतिभाशाली हैं। पंजाब दौरे में जब वे बच्चों से मिलीं तो देखा कि लड़कियों में विलक्षण प्रतिभा है। लड़के तो प्रतिभाशाली हैं ही। यह उद्गार मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आईएसबी) में आयोजित नागरिक सम्मान के दौरान व्यक्त किए।
पंजाब सरकार के नागरिक सम्मान समारोह में राष्ट्रपति ने अपने भाषण को पंजाबी अंदाज से शुरू किया। उनके इस अंदाज का सभी ने तालियां बजाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पंजाब वीरों की धरती है, देश को अन्न प्रदान करने वाली धरती है। जिसका हरेक कायल है। पंजाब पीरो, पैगंबरों और पांच दरियाओं को धरती है। पंजाब ने कृषि क्षेत्र में कई आयाम स्थापित किए हैं। खासतौर से अब साइंटिस्ट भी लगातार कृषि को नया मुकाम देने का काम कर रहे हैं।
इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस में राष्ट्रपति का स्वागत कर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राष्ट्रपति का दौरा राज्य के इतिहास में एक सुनहरा दिन है। इस अवसर पर हर पंजाबी बेहद खुश है। उन्होंने कहा कि महान गुरुओं, संतों और पीर-फकीरों की पवित्र धरती पंजाब पर राष्ट्रपति का स्वागत है। भगवंत सिंह मान ने उम्मीद जताई कि अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति पंजाबियों की गर्मजोशी भरी मेहमान नवाजी का आनंद लेने के साथ-साथ राज्य की शानदार सांस्कृतिक विरासत की गवाह बनेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति ने केंद्रीय विश्वविद्यालय बठिंडा में कार्यक्रम में भाग लिया और बुधवार को वह पंजाब विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि इन प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रपति का दौरा, छात्रों को जीवन में कड़ी मेहनत और समर्पण के लिए प्रेरित करेगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राष्ट्रपति का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है, क्योंकि उन्होंने जीवन में व्यक्तिगत और पेशेवर स्तर पर कठिन संघर्ष किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति ने अपनी कड़ी मेहनत, दृष्टिकोण और प्रतिबद्धता के साथ जीवन में नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की यह उपलब्धि उन्हें पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन जैसे वैश्विक नेताओं की कतार में खड़ा करती है।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह हम सभी के लिए यादगार पल है। पूरा पंजाब राष्ट्रपति का भव्य स्वागत कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस पवित्र धरती पर देश के राष्ट्रपति का स्वागत कर गर्व महसूस कर रही है। इससे पहले मुख्य सचिव केएपी सिन्हा ने कार्यक्रम के दौरान गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। इस आयोजन में हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस शील नागू, पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे।