दुष्कर्म के बाद अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने के दोषी को 10 साल कैंद , 30 हजार जुर्माना
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली। महिला से दुष्कर्म करने और उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड करने के मामले में मोहाली की जिला अदालत ने दोषी रोहताश कुमार को 10 साल कैद की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। अभियोजन और बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उत्तर प्रदेश निवासी रोहताश कुमार को दोषी ठहराया। अदालत ने भारतीय दंड संहिता की धारा 376 के तहत 10 साल कैद और 20 हजार रुपये जुर्माना, धारा 328 के तहत पांच साल कैद और पांच हजार रुपये जुर्माना तथा आइटी एक्ट की धारा 67-ए के तहत तीन साल कैद और पांच हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना अदा नहीं करने की स्थिति में दोषी को छह महीने की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। अभियोजन पक्ष की ओर से उप जिला अटॉर्नी हरदीप सिंह रुमाणा ने पैरवी की।
नौकरी मिलने तक पीड़िता देती थी खाना
शिकायत के मुताबिक, पीड़िता आरोपी को पहले से जानती थी। रोहताश कुमार नौकरी की तलाश में मोहाली आया था तो पीड़िता ने उसे अपने पड़ोस में किराये पर कमरा दिलवाया था। नौकरी मिलने तक वह उसे खाना बनाकर भी देती थी।पीड़िता ने बलौंगी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक दिन वह रोहताश कुमार को खाना देने उसके कमरे पर गई थी। आरोप है कि वहां आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील तस्वीरें खींच लीं।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने बाद में ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड कर दीं और पीड़िता के रिश्तेदारों व जानकारों को भी भेजीं। उस पर पीड़िता को ब्लैकमेल कर नकदी और सोने के गहने लेने का भी आरोप था।