मोहाली। स्वच्छ भारत मुहिम को सफल बनाने के लिए नगर निगम ने फैसला किया है कि अब घरों से निकलने वाले कूड़े से खाद बनाई जाएगी। इस खाद को लोग खेतों व बगीचों में प्रयोग कर पाएंगे। इसके लिए फेज-नौ की तर्ज पर रिसोर्स मैनेजमेंट सेंटर बनाए जाएंगे।
नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह ने बताया कि इस तरह के सेंटर फेज-दस और फेज-तीन में भी बनाए जा रहे हैं। पूरे शहर में ऐसे तकरीबन बीस सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इनका काम इस साल के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। इलाके के लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। इसके साथ ही टीमें लोगों को घर-घर जाकर गीले व सूखे कूड़े को अलग-अलग करने को कह रही है। सेनेटरी इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह ने बताया कि फेज-नौ और दस में लोगों के घरों से निगम की टीमें गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग लेती है। फेज-सात में भी यह काम शुरू कर दिया गया है। इस मौके पर सेनेटरी सुपरवाइजर गुरविदंर सिंह, डॉ. नरेश व वंदना सुखीजा समेत कई अधिकारी हाजिर थे।
डंपिंग प्वाइंट पर बनाए थ्री-डी शेर और हिरण
जानकारी के मुताबिक नगर निगम ने शहर के डंपिंग प्वाइंट को भी स्वच्छ भारत मुहिम के तहत काफी बदलने की कोशिश की है। डंपिंग प्वाइंट आकर्षक लगे, इसके लिए उन पर थ्री-डी हिरण, शेर और अन्य जानवरों की पेंटिंग बनाई गई। डपिंग प्वाइंट के बाहर फूल व पौधे भी लगाए गए हैं। वहीं इसके साथ ही कुछ नए तुजुर्बे भी किए जा रहे हैं।