छतबीड़ चिड़ियाघर में अब शेर की दहाड़ सुनाई देगी, बुधवार को छतबीड़ में 2 शेर व बाघ पहुंच गए हैं। वहीं अब चिड़ियाघर में शेर अक्षत और शेरनी दृष्टि, सफेद बाघिन गौरी की दहाड़ पर्यटकों सुनने को मिलेगी।
छतबीड़ का वन्य प्राणी विंग इनके आदान प्रदान की औपचारिकताओं को पूरा करने की दिशा में 2018 से ही लगा हुआ था। वहीं, नर व मादा शेर का जोड़ा गुजरात से लाने के लिए बकायदा वन्य प्राणी विंग के पशु चिकित्सकों की टीम ने गुजरात में जाकर वहां के मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। इसके बाद सीएम ने जोड़ा सौंपने के लिए प्रमाणपत्र भी दिया था।
वहीं दोनों चिड़ियाघरों के डायरेक्टरों में आपसी सहमति और औपचारिकताओं को वन्य प्राणी विंग की ओर से पूरा करके इन नए प्राणियों को लेने के लिए 16 अगस्त को छतबीड़ चिड़ियाघर से एसवीओ जू डॉ. आशीष, रेंज अफसर हरपाल सिंह एवं जू-कीपर्स की एक टीम राजकोट चिड़ियाघर पहुंची थी।
जहां पर जानवरों की चिकित्सा जांच कर 17 अगस्त को वहां से रवाना किया गया, जो बुधवार छतबीड़ चिड़ियाघर में पहुंच गए। इससे पूर्व भी वन्य प्राणी विंग की ओर से प्रयास किए गए थे, जिसे पंजाब सरकार की कोशिशों के बाद अब अमलीजामा पहनाया जा सका है। वहीं चिड़याघर में भी नए शेर रखने के लिए बकायदा नए बाड़े बनाने के साथ ही पुराने बाड़े को दुरुस्त किया जा रहा है।
एक महीने ऑब्जर्वेशन के बाद देख सकेंगे पर्यटक
रेंज अफसर हरपाल सिंह ने बताया कि अगले एक महीने के लिए पर्यटकों से दूर इन नए महमानों को ऑब्जर्वेशन के लिए रख जाएगा। दूसरी ओर, नए मेहमानों के आने के बाद चिड़ियाघर स्टाफ में खुशी का माहौल है और वे उम्मीद जता रहे हैं कि इनके आने से चिड़ियाघर में इनके प्रजनन कार्यक्रम के साथ-साथ पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा होगा।