लालड़ू। लेहली रेलवे फाटक के बंद होने से लेहली-बनूड़ लिंक रोड पर आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है। फाटक बंद होने के कारण लोगों को लालड़ू से बनूड़ जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे विभाग द्वारा फाटक पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है, जिसके चलते इसे 12 मार्च से 18 मार्च तक बंद रखा गया है। लेहली, हसनपुर और जलालपुर के रहने वाले मनजीत सिंह, राम सिंह, स्वर्ण सिंह, हरनेक सिंह, बलकार सिंह, कप्तान सिंह और हरप्रीत सिंह ने बताया कि इससे पहले भी भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत लेहली में बन रहे पुल के कारण रेलवे फाटक बंद किया गया था।
उनका कहना है कि यदि उसी समय फाटक की मरम्मत कर दी जाती तो लोगों को बार-बार इस समस्या का सामना नहीं करना पड़ता। ग्रामीणों के अनुसार, फाटक बंद होने से इलाके के लोगों का लालड़ू और डेराबस्सी से संपर्क काफी हद तक प्रभावित हो गया है। कई बच्चों के स्कूल लालड़ू में हैं, लेकिन बसें फाटक के उस पार के गांवों तक नहीं पहुंच पा रही हैं। ऐसे में अभिभावकों को रोजाना अपने बच्चों को खुद स्कूल छोड़ने और लेने जाना पड़ रहा है। इसके अलावा नाहर कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों को भी आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लालड़ू से बनूड़ जाने के लिए अब उन्हें जीरकपुर होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ रहे हैं। लोगों ने रेलवे विभाग से मांग की है कि मरम्मत कार्य जल्द पूरा कर फाटक को जल्द से जल्द खोला जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।