लांडरा-बनूड़। शनिवार को स्थानीय गांव मानकपुर खेड़ा में दो गुटों के बीच जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट के दौरान पिस्तौल से गोली चलाने का मामला सामने आया है। इस दौरान एक पक्ष ने पिस्तौल से दूसरे पक्ष पर गोलियां चला दी। जिससे चाचा-भतीजा दोनों गंभीर घायल हो गए। इन घायलों में चाचा प्रेम सिंह और उसके भतीजे अरविंदर सिंह को जीएमसीएच सेक्टर-32, चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गोली प्रेम सिंह की दाई बाजू में लगी है, जिस कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
अस्पताल में उपचाराधीन प्रेम सिंह के बेटे तलजिंदर सिंह और मनप्रीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका घर खेतों में है, जो सड़क से करीब एक किलोमीटर दूरी पर है। शनिवार को उनके पिता प्रेम सिंह अपने भतीजे के साथ सुबह करीब 7 बजे मोटरसाइकिल पर गांव मानकपुर में दूध लेकर जा रहे थे। रास्ते में गांव मानकपुर के नंबरदार बूटा सिंह और उसका भाई करीब 10-12 अज्ञात लोगों के साथ तीन गाड़ियों में सवार होकर हथियारों समेत उन्हें रास्ते में खड़े मिले। इसके बाद सभी हमलावरों ने उनके पिता प्रेम सिंह और अरविंदर सिंह को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया। इसी दौरान नंबरदार बूटा सिंह ने अपनी पिस्तौल से दोनों पर गालियां चलानी शुरू कर दी। एक गोली प्रेम सिंह की दायीं बाजू से होकर निकल गई। और अरविंदर सिंह को भी गालियों के छर्रे लगे। दोनों को घायल करने के बाद हमलावारों दोनों के मोबाइल फोन और करीब 50 हजार रुपये की नकदी छीन ली और फरार हो गए।
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक दोनों पक्षों में कुछ दिन पहले आपस में एक पुलिया की जमीन को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसमें पुलिस की कार्रवाई में लेट लतीफी दोनों पक्षों में रंजिश का कारण बन गई।
इस मामले में बनूड़ थाने के प्रभारी एसएचओ ने कहा कि सूचना के बाद वारदात के मौके पर जाकर जायजा लिया गया है। जिसमें प्रेम सिंह की शिकायत पर गांव के नंबरदार बूटा सिंह, उसके भाई सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।