वीआईपी रोड स्थित निर्मल छाया सोसाइटी के तीन फ्लैटों से चोरों ने दिन दहाड़े ताले तोड़कर लाखों रुपये के गहने और नगदी चोरी कर ले गए। जीरकपुर की पॉश कालोनी में हुई इस घटना से लोग सहम गए हैं। पीड़िताें की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पंकज छिब्ब निवासी फ्लैट नं. बी 204 ने बताया कि वह धर्मपुर हिमाचल स्थित एचडीएफसी बैंक की ब्रांच में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया बुधवार सुबह सात बजे वह फ्लैट में ताला लगा कर काम पर चले गए। दोपहर बाद करीब तीन बजे जब बच्चे स्कूल से आए तो देखा कि बाहर के दरवाजे का ताला टूटा है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है।
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, चोर आलमारियां तोड़ कर 15 तोले के सोने के सेट, 8 तोले के छोटे सेट, 6 तोले की चेन, तीन लॉकेट, एक हीरे की अंगूठी, एक हीरे का सेट सहित चांदी के गहने, रसोई के बर्तन और करीब डेढ़ लाख रुपये की नगदी चोरी कर ले गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक, चोरी हुए सामान की कीमत करीब 20 लाख रुपये है। इसके अलावा फ्लैट नं.15 बी 303 के नवतेज सिंह ने बताया कि वह फ्लैट में ताला लगा कर गांव गए हुए थे।
बुधावार शाम पड़ोसी ने फोन पर सूचना दी कि उनके घर के दरवाजे टूटे हैं और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। उन्होंने बताया वापस आकर देखा तो अंदर से 48 हजार रुपये नगद, 4 तोले सोने की चेन, एक हीरे व एक सोने की अंगूठी गायब थी। फ्लैट नं.15 बी के मालिक हरीश बतरा ने बताया कि चोर उनके घर में रखी हजारों रुपये की नगदी चोरी कर ले गए।
वहीं, थाना मुखी तरलचोचन सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि सोसाइटी में सुरक्षा के पूरे इंतजाम हैं। इस के बावजूद चोरी कैसे हुई। उन्होंने कहा इसमें किसी जानकार का हाथ है। उन्होंने कहा जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।