खरड़। गांव खानपुर की बेटी जसप्रीत कौर ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर भर्ती होकर अपने गांव के साथ साथ क्षेत्र का नाम भी रोशन किया है। इस उपलब्धि को लेकर जसप्रीत कौर के परिजनों समेत गांववासियों में खुशी की लहर पाई जा रही है।
30 जुलाई को चेन्नई में हुई पासिंगआउट परेड में जसप्रीत कौर के कंधों पर लेफ्टिनेंट के स्टार उनकी माता कर्मजीत कौर और पिता इंद्रजीत सिंह ने लगाए। जसप्रीत कौर ने 12वीं में जिला मोहाली में पहला स्थान प्राप्त करके सरकारी माडल सीसे स्कूल खरड़ का नाम रोशन करने के साथ शहर का नाम भी रोशन किया था। गांववासी भी खुश हैं कि जसप्रीत कौर ने एक गरीब परिवार से निकल देश में इतना बड़ा स्थान प्राप्त किया है।
जसप्रीत अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी नानी केसर कौर को देती है जिनकी प्रेरणा से वह इस मुकाम पर पहुंची है। जसप्रीत कौर अपने परिजनों समेत अपनी नानी के पास गांव खानपुर में रहती है। जसप्रीत के लेफ्टिनेंट चुने जाने पर गांववासी परमप्रीत सिंह खानपुर, कमलदीप सिंह शेरगिल, सतवंत सिंह धालीवाल पूर्व इंस्पेक्टर, शरणजीत सिंह, अमनदीप सिंह समेत अन्य गांववासियों ने उनके घर पहुंच कर परिवार को बधाई दी। साथ ही कहा कि जब जसप्रीत कौर लेफ्टिनेंट बन कर गांव खानपुर में आएगी तो उसका पूरा मान-सम्मान किया जाएगा ताकि गांव के अन्य नौजवान लड़के-लड़कियों को इससे प्रेरणा मिल सके।