जीरकपुर। आम आदमी पार्टी के जिला व्यापार मंडल के संयुक्त सचिव विक्रम धवन ने अपनी ही पार्टी के विधायक के पीए द्वारा चौकी इंचार्ज पर रिश्वत मांगने के आरोप लगाए हैं। इसकी शिकायत उन्होंने सीएम भगवंत मान द्वारा जारी किए एंटी क्रप्शन हेल्पलाइन नंबर पर की है।
विक्रम धवन निवासी सिंह वार्ड नंबर-4 बलटाना ने आरोप लगाया कि जब बरमा सिंह बलटाना चौकी इंचार्ज थे तो उनका एक मामला थाने में चल रहा था। इस बीच बरमा सिंह को अचानक चौकी इंचार्ज से हटाकर जीरकपुर थाने में ट्रांसफर कर दिया गया। विक्रम ने बरमा सिंह को कॉल कर अपने केस के बारे में जानकारी लेने के लिए फोन किया तो उन्होंने केस की जानकारी देने के बाद कहा कि उनकी पार्टी के विधायक रंधावा ने पीए नितिन लूथरा को भेजकर एक लाख रुपये रिश्वत मांगी और जब पैसे नहीं दिए तो तबादला करवा दिया। इस बातचीत की ऑडियो रिकार्डिंग विक्रम धवन के पास मौजूद है जो उन्होंने अपनी शिकायत के साथ साक्ष्य के तौर पर भेजा है। विक्रम यह भी दावा कर रहे हैं कि उनके पास इस आरोप से संबंधित अन्य दस्तावेज भी हैं, जो वह समय आने पर दिखाएगा। यह ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या कहते हैं विधायक
विक्रम धवन का दिमागी संतुलन ठीक नहीं है। वह पहले भी सीएम विंडो पर ऐसी बेबुनियाद शिकायतें डालते रहते हैं। वह है तो हमारी पार्टी के कार्यकर्ता लेकिन वह ऐसी हरकतें करते रहते हैं। जहां तक आरोप की बात है कि वह सरासर झूठ है, किसी ने भी बरमा सिंह से पैसे नहीं मांगे। -कुलजीत सिंह रंधावा, विधायक डेराबस्सी
क्या कहते हैं विधायक के पीए
विक्रम धवन ने जो शिकायत दी है, उसका कोई आधार नहीं है। अगर उनके पास कोई साक्ष्य है तो वह उसे दिखाए। अगर उन्होंने शिकायत की है तो मैं भी उच्चाधिकारी के पास उनके खिलाफ शिकायत करूंगा। आरोप कोई भी किसी पर लगा सकता है। अगर उनकी शिकायत होती है तो वह अपना दिमागी संतुलन ठीक न होने का बहाना बना देते हैं। -नितिन लूथरा, विधायक का पीए
क्या कहते हैं पूर्व चौकी इंचार्ज
मुझे बुखार है। मेरी तबीयत ठीक नहीं है। मैं अभी बात नहीं कर पाऊंगा। -बरमा सिंह, पूर्व चौकी इंचार्ज बलटाना