बिना शर्त अपने साथियों समेत आप को समर्थन देने वाले पूर्व सांसद व लोक हित अभियान के प्रमुख जगमीत सिंह बराड़ सोमवार को शहर पहुंचे। इस मौके पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि वह इस बार विधानसभा का चुनाव नहीं लडे़ंगे। उन्होंने पंजाब में कांग्रेस व अकाली दल की हार को यकीनी बनाने के लिए आप को समर्थन दिया है। साथ ही उन्होंने साफ किया कि लोक हित अभियान का कोई अन्य नेता भी चुनाव नहीं लड़ेगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि यदि आप चाहेगी तो चुनाव लड़ने के बारे में सोच सकते हैं। नवजोत सिंह सिद्धू, परगट सिंह व बैंस भाइयों संबंधी पूछे एक सवाल के नाम पर उन्होंने कहा कि वह कन्फ्यूज ग्रुप है। इसकी तरफ से भले ही कांग्रेस और अकाली दल के खात्मे की बात कहीं जा रही है। लेकिन अगर यह दल चुनाव मैदान में उतरता है तो इसका सीधा फायदा अकाली दल और कांग्रेस को ही होगा।