जीरकपुर। लोहगढ़ की गोल्डन एनक्लेव में पड़ोसियों के आपसी झगड़े में बीच-बचाव करना एक टैक्सी ड्राइवर और उसके परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि पड़ोसी ने रंजिश के चलते बाहर से कुछ लोगों को बुलाकर पूरे परिवार पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला करवा दिया।
इसमें दो युवतियों और एक गर्भवती महिला सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। लोहगढ़ के मकान नंबर-137 निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को बताया कि वह पेशे से टैक्सी ड्राइवर है। बीते दिनों रात के समय गली के पड़ोसियों में किसी बात को लेकर बहस हो रही थी।
शोर सुनकर मनोज और अन्य मोहल्ला निवासियों ने बाहर आकर दोनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और अपने-अपने घर भेज दिया। थोड़ी देर बाद मनोज ने देखा कि उसके पड़ोसी सुखदेव की पत्नी सुमन नेगी गली में खड़ी एक सफेद रंग की इनोवा कार की तरफ इशारा कर रही थी। देखते ही देखते कार से 6-7 युवक उतरे। उनके हाथों में डंडे और लोहे की रॉड थी। उन्होंने मनोज कुमार को उसके घर के दरवाजे से जबरन खींचकर गली में लाकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। जब मनोज की पत्नी संतोष देवी और उसकी दो बेटियां उसे बचाने आईं, तो हमलावरों ने उन मासूम बच्चियों पर भी लाठियां बरसाईं।
इसी बीच जब मनोज की छोटी भाभी कंचन उर्फ प्रेमलता पहली मंजिल से नीचे आई, तो हमलावरों ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए घर का भारी मेन गेट जोर से उसके पेट पर दे मारा और उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया।