मोहाली इंडस्ट्री एसोसिएशन (एमआईए) 26 अगस्त को पहली इंटरनेशनल प्लाइट में जाने वाले सभी यात्रियों का स्वागत रेड रोज से करेगी। इंटरनेशनल फ्लाइट्स की शुरुआत को एमआईए आसपास क्षेत्र और विशेषकर मोहाली के लिए उम्मीदों की सौगात मान रही है। इसलिए पहली इंटरनेशनल उड़ान का जश्न मनाने का फैसला एमआईए ने लिया है। जिक्रयोग है कि एमआईए इंटरनेशनल फ्लाइट्स जल्द शुरू करने का मुद्दा सबसे पहले उठाया था। इस मामले को लेकर एमआईए ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था। बहरहाल इंटरनेशनल उड़ान शुरू करने की तारीख घोषित होने के बाद से एमआईए उत्साहित है। इस कारण एसोसिएशन ने सभी इंटरनेशनल विमान यात्रियों का स्वागत गुलाब के फूलों से करने की योजना बनाई है। उल्लेखनीय है कि पहली इंटरनेशनल फ्लाइट्स की सभी सीटें बुक हो चुकी है। अगले दिनों में अगर ऐसा ही रुझान रहा तो मोहाली का इंटरनेशनल एयरपोर्ट अच्छी रफ्तार पकड़ सकता है।
50 लोगों का प्रतिनिधिमंडल करेगा यात्रियों का स्वागत
एमआईए के अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ के मुताबिक 26 अगस्त को एसोसिएशन के 50 सदस्य एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। इनमें एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी और एक्टिव मेंबर शामिल होंगे। ऐसा करने का निर्णय इसलिए भी लिया गया है, ताकि एसोसिएशन की ओर से भी इसकी ब्रांडिंग की जा सके।
एमआईए के तीन टारगेट
एमआईए ने अपने तीन टारगेट रखे हैं। इनमें एयरपोर्ट पर वाच अवर 24 घंटे कराना है, ताकि रात के दो बजे और तीन बजे भी फ्लाइट्स आ सकें। एयर स्ट्रिप्स की लंबाई 100 मीटर तक बढ़वाना है, ताकि बड़े जहाज भी यहां उतर सकें। इसके अलावा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ब्रांडिंग हो, ताकि इस क्षेत्र की इंडस्ट्री को इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लाभ मिल सके।