मोहाली। कोरोना महामारी के चलते बाहरी राज्यों के लोगों को बसों से उनके राज्य में भेजने के नाम पर ठगने वाले जिन दो लोगों पर शनिवार को मोहाली में केस दर्ज किया था। इसमें से एक व्यक्ति अखिलेश को पुलिस ने दबोच लिया था। जबकि बसों का मालिक हरविंदर सिंह अभी फरार है। थाना फेज-1 के एसएचओ मनफूल सिंह ने बताया कि रविवार को पुलिस की टीमों ने आरोपी की तलाश में छापेमारी की थी। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं चल पाया। जबकि पकड़े गए अखिलेश ने बताया कि जो पैसे उसने लोगों से वसूले थे, वह, उसने बस वाले को ही सौंप दिए थे। एसएचओ ने बताया कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
बता दें कि शनिवार दोपहर फेज-2 बस्सी सिनेमा के पास सीनियर कांग्रेसी नेता राजा कंवरजोत ने देखा था कि वहां बिहार जाने के लिए बहुत से लोग सामान लेकर खड़े थे। जब उने पूछा तो पता चला कि उन्हें किराया लेकर प्राइवेट बस से बिहार ले जाया जा रहा है। पूरी पूछताछ की तो मजदूरों से इस ठगी के मामले का खुलासा हुआ था। उन्होंने तुरंत डीसी, एसडीएम और आरटीए को बताया तो पता चला कि उन्होंने इस तरह की कोई परमिशन नहीं दी है। इसके बाद सूचना मिलते ही मौके पर थाना फेज-1 पुलिस पहुंच गई थी।