खरड़। भारतीय किसान यूनियन लखोवाल के जिला उप प्रधान जसपाल सिंह नियामियां ने पंजाब सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि खरड़ तहसील के 20 गांवों को खरड़ तहसील से तोड़कर घडुआं उप तहसील के साथ जोड़ने की कोशिश की गई तो इसका विरोध होगा। सभी किसान संगठन इकट्ठे होकर मुख्यमंत्री की रिहायश कर घेराव करेंगे और सड़कें जाम कर दी जाएंगी।
जसपाल सिंह नियामियां ने कहा कि पता चला है कि पंजाब सरकार खरड़ तहसील के अधीन आते गांव नियामियां, पोपना, मकड़ां, झंजेड़ी, त्रिपड़ी, घोगा तथा मलिकपुर समेत 20 गंावों को खरड़ तहसील से तोड़कर घड़ुआं उप तहसील से जोड़ने की कोशिश कर रही है। पहले घडुआं कानूनगो में पड़ते इन गांवों को विधानसभा हलका खरड़ से तोड़कर 40 किलोमीटर दूर पड़ते श्री चमकौर साहिब हलके से जोड़ दिया गया। अब यह भी हो सकता है कि आने वाले दिनों में सरकार इन गांवों को मोहाली जिले से तोड़कर जिला रूपनगर से ही जोड़ दे, जोकि यहां से 50 किलोमीटर से भी अधिक पड़ता है।
इस अवसर पर उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 3 जनवरी तक सरकार ने फैसला नहीं बदला तो घडुआं कानूनगो के अधीन आते इन गांवों के लोग मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का डटकर विरोध करेंगे और चुनाव के दिनों में उन्हें गांवों में नहीं आने देंगे। उन्होंने कहा कि सभी किसान संगठन विचार विमर्श कर रहे हैं और 3 जनवरी को मुख्यमंत्री की रिहायश के सामने धरना लगाया जाएगा।