मोहाली। वैज्ञानिक की हत्या के बाद सेक्टर-66 में कई घरों में खड़ी होने वाली दो से तीन गाड़ियां अब पार्किंग में नजर नहीं आती हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस घटना के बाद यहां रहने वाले रेजीडेंट्स अपनी एक या दो कारें ही यहां खड़ी करते हैं। उसके अतिरिक्त यदि कोई कार होती है तो उसको दूसरी जगह खड़ी करते हैं। हालात यह है कि अब पार्किंग में भीड़ तो है पर कोई किसी को पार्किंग के लिए टोकता तक नहीं। लोगों में डर है कि पार्किंग का यह मसला कहीं फिर से न उठे।
जानकारी के अनुसार पार्किंग विवाद की एक बड़ी वजह यह है कि कई मकान मालिक नहीं चाहते हैं कि किरायेदारों की गाड़ियां घरों के आसपास लगे। इस वजह से अकसर झगड़े हो जाते हैं। सेक्टर-66 में मोहाली के एलआईजी मकानों के सामने पार्किंग की स्पेस है ही नहीं। ज्यादातर लोगों ने अपने घरों के आगे के क्षेत्र को घेर लिया है। लोग पार्क के सामने का स्पेस उपयोग करते हैं। जिससे कि लोगों की परेशानी ज्यादा बढ़ जाती है।
पार्किंग का रखें ध्यान
यहां जगह कम गाड़ियां ज्यादा हैं ऐसी स्थिति में पार्किंग के हिसाब से ही घरों में गाड़ियां रखनी चाहिए, तभी पार्किंग की समस्या से छुटकारा मिलेगा। - गोपाल सिंह, प्रेसिडेंट मंदिर कमेटी, शिव शक्ति मंदिर सेक्टर- 66 मोहाली
बढ़ रही गाड़ियां, पार्किंग कम
यहां हर दिन एक या दो गाड़ियां खरीदी जा रही हैं। गाड़ी कहां खड़ी करनी है इस बारे में कोई नहीं ध्यान नहीं देता है। - आरके शर्मा, स्थानीय निवासी सेक्टर - 66 मोहाली।
फुटपाथों पर खड़ी कर देते हैं वाहन
घरों के सामने जब गाड़ी खड़ी करने की जगह नहीं मिली तो लोग फुटपाथ पर अपनी गाड़ी कर देते हैं। इस वजह से पैदल चलने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। - रुमा, स्थानीय निवासी, सेक्टर- 66 मोहाली
पार्किंग का मुद्दा बेहद गंभीर
यहां पार्किंग का मुद्दा बेहद गंभीर है। इस पर लोगों को ध्यान देना चाहिए कि गाड़ी घर में उतनी ही रखें जितनी पार्किंग हो। सड़क और फुटपाथ को पार्किंग बनाने से बचें। -आलोक वर्मा, स्थानीय निवासी, सेक्टर- 66 मोहाली
साइकिल और स्कूटर की है पार्किंग
एलआईजी के मकानों में साइकिल और स्कूटर के लिए पुडा द्वारा पार्किंग दी गई है। एमआईजी में स्कूटर गाड़ियों के लिए पार्किंग दी गई है। लोगों ने तीन मंजिला मकान बनाकर किराये पर दे रखे हैं। अब किरायेदारों के पास भी गाड़ियां हैं। ऐसी स्थिति में पार्किंग की समस्या तो होगी। - रजनी गोयल, पूर्व एमसी, सेक्टर-66 मोहाली
किरायेदारों के पास भी हैं गाड़ियां
घरों में लोगों ने किराएदार रखे हैं, सबके पास गाड़ियां हैं। पार्किंग की जगह लोगों के पास है नहीं। ऐसी स्थिति में पार्किंग की समस्या से परेशानी तो हो रही है। -मास्टर चरनजीत, एमसी, सेक्टर-66 मोहाली