जीरकपुर। चंडीगढ़ की महिला को नौकरी लगवाने के बहाने जीरकपुर के एक होटल में बुलाकर गैंगरेप करने के मामले में जीरकपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर होटल मालिक एवं यू-ट्यूब पत्रकार सुखविंदर सिंह सैणी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि मुख्य आरोपी चंडीगढ़ निवासी प्रमोद कुमार फरार है।
पीड़ित महिला ने इस मामले की 13 जुलाई को ऑनलाइन शिकायत जीरकपुर थाने में की थी। आरोप है कि पुलिस ने होटल मालिक एवं यू-ट्यूब पत्रकार के दबाव में आकर कार्रवाई नहीं की। इसके बाद महिला ने शिकायत चंडीगढ़ पुलिस के पास दर्ज करवाई। चंडीगढ़ पुलिस ने शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज कर जीरकपुर थाना पुलिस को ट्रांसफर कर दिया। जीरकपुर थाना प्रभारी दीपइंद्र सिंह बराड़ ने बताया कि आरोपी प्रमोद कुमार सहित अन्य लोगों के खिलाफ गैंगरेप की धाराओं में केस दर्ज कर होटल मालिक और पत्रकार सुखविंदर सिंह सैणी को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी प्रमोद अभी फरार है।
पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पति से अलग रहती है और पड़ोस में ही करियाने की दुकान चलाती है। महिला का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले प्रमोद कुमार ने नौकरी लगवाने के बहाने जीरकपुर-पटियाला रोड पर स्थित ‘चंडीगढ़ हाईवे’ नामक होटल में बुलाया। यहां प्रमोद कुमार ने उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। आरोप है कि प्रमोद कुमार ने बेहोशी में अपने साथियों के साथ से गैंगरेप किया। इसके बाद उसे जीरकपुर-चंडीगढ़ बैरियर के पास छोड़ दिया। पीड़ित महिला ने बताया कि जब उसे होश आया तो वह किसी तरह घर पहुंची। इसके कुछ देर बाद होटल से एक व्यक्ति ने फोन किया, जिसने पुलिस को इसकी जानकारी देने पर अश्लील फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी थी।