जीरकपुर। रेलवे फाटक हटाओ अंडरपास बनाओ संघर्ष कमेटी आरयूबी-123 की टीम ने शुक्रवार को हरमिलाप नगर अंडरपास के निर्माण कार्य को गति देने के लिए विभिन्न विभागों के साथ बैठक की। यह बैठक चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों के साथ आयोजित की गई। इसमें परियोजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। संघर्ष कमेटी के प्रवक्ता गुरबिंदर सिंह संधू ने बताया कि जमीन अधिग्रहण अधिकारी सौरव अरोड़ा ने अंडरपास निर्माण के लिए अधिकृत जमीन के अधिग्रहण की अंतिम कानूनी प्रक्रिया सेक्शन-21 के तहत 2 मार्च 2026 को जारी की है। इस प्रक्रिया की समय सीमा 6 अप्रैल तक निर्धारित की है।
उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जमीन अधिग्रहण की लगभग सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। अप्रैल माह में जमीन संबंधित विभाग को हैंडओवर कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ इंजीनियरिंग विभाग ने 25 फरवरी को चंडीगढ़ वित्त विभाग को छह कार्यों की सूची भेजी है। इसमें आरयूबी -123 अंडरपास निर्माण के लिए चंडीगढ़ के हिस्से की करीब 12.81/6.40 करोड़ रुपये की बजट मंजूरी की फाइल भी शामिल है। यह फाइल फिलहाल वित्त सचिव के स्तर पर चर्चा और मंजूरी के लिए लंबित है। मंजूरी मिलने के बाद यह राशि रेलवे को जारी की जाएगी, जिससे निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। संघर्ष कमेटी के अनुसार परियोजना की प्रगति रिपोर्ट सांसद सतनाम सिंह संधू को भी सौंप दी गई है। उन्होंने संबंधित वित्त विभाग के अधिकारियों को बजट स्वीकृति की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जल्द से जल्द रेलवे को राशि जारी कर अंडरपास निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके।