जीरकपुर। ढकोली स्थित बाउली साहिब गुरुद्वारे के सामने दशमेश एनक्लेव की ओर जाने वाली सड़क पर बीच राह में खड़ा बिजली का खंभा और दो पेड़ लोगों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। सड़क करीब 15 फीट की चौड़ी है, लेकिन सड़क के बीचोबीच लगे खंभे और पेड़ों के कारण वाहन चालकों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कारण कई बार हादसे भी हो चुके हैं, अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है। यह खंभा ठीक बस स्टॉप के सामने लगा हुआ है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग बस का इंतजार करते हैं। सड़क के बीच खड़े खंभे और पेड़ों के कारण वाहन चालकों को अचानक वाहन मोड़ना पड़ता है, इससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। खासकर रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, क्योंकि अंधेरे में खंभा और पेड़ स्पष्ट दिखाई नहीं देते।
कई बार बाइक सवार और कार चालक यहां टकरा चुके हैं। यह खंभा और पेड़ काफी समय से सड़क के बीच में खड़े हैं। कई बार प्रशासन को शिकायत भी दी गई, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। -राजेश पठानीयां, ढकोली
बस स्टॉप होने के कारण यहां कई बार लोग आकर खड़े हो जाते हैं। लोग बस का इंतजार करते हैं, उसी समय तेज रफ्तार से वाहन निकलते हैं। ऐसे में हादसे का खतरा लगातार बना रहता है। -संदीप कुमार, ढकोली
रात के समय यह जगह और भी ज्यादा खतरनाक हो जाती है। अंधेरे में वाहन चालकों को खंभा देर से दिखाई देता है, जिससे अचानक ब्रेक लगाने पड़ते हैं। कई बार वाहन फिसल भी चुके हैं। लोग चोटिल हो जाते हैं। -मनजीत सिंह, ढकोली
प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है। उन्होंने कहा कि या तो खंभे को सड़क से हटाकर किनारे लगाया जाए या फिर पेड़ों को ट्रिम कर रास्ता चौड़ा किया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके। -राजेंद्र नागपाल, ढकोली
एमसी एक लेटर लिखकर बिजली विभाग को दे दे। हम तत्काल प्रभाव से सड़क पर लगे खंभे को हटवा देंगे। - मनदीप सिंह, एक्सईएन बिजली विभाग जीरकपुर