फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mohali Firing: घायल विक्की बोला-जिन्होंने जिम्मेदारी ली, वे असल हमलावर नहीं; चंडीगढ़ पुलिस पर बड़ा आरोप

Sat, 27 Sep 2025 11:29 PM IST
चंडीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चंडीगढ़/मोहाली
विज्ञापन
घटना की जांच करते पुलिस कर्मी - फोटो : संवाद
विज्ञापन

मोहाली फेज-2 में मसल मेनिया जिम के मालिक विक्की पर गोलियां चलाने के मामले में नया मोड़ आ गया है। विक्की का कहना है कि जिन रित्विक भारद्वाज और अमन ने इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर इसकी जिम्मेदारी ली है, दरअसल उन्होंने उस पर गोलियां चलाई ही नहीं। विक्की का आरोप है कि यह सब कुछ एक प्लानिंग के अनुसार किया जा रहा है। जेल में बैठे विकास और सूरज उर्फ भोलू को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

विज्ञापन


विक्की का आरोप है कि चंडीगढ़ पुलिस का एक मुलाजिम इस साजिश में शामिल है जो भोलू से हफ्ता वसूल करता है। उसी ने रित्विक और अमन को प्लान बनाकर पेश करवाया है। विक्की ने अपने बयान में कहा कि भोलू का होटल है। बीरू के होटल खोलने से उसका काम प्रभावित हो गया था। इस कारण वह किसी ना किसी बहाने से झगड़ा कर रहा था। 

विज्ञापन

जो जिम्मेदारी ले रहे, उन्हें जानता तक नहीं

विक्की ने होटल में देह व्यापार के चल रहे धंधे से भी साफ इंकार किया है। उसका कहना है कि जो इंस्टाग्राम पर जिम्मेदारी ले रहे हैं, वह उन्हें जानता तक नहीं है। न ही कभी उनसे उसकी मुलाकात हुई है। 

विक्की का यहां तक कहना है कि पुलिस उसका मोबाइल चेक करवा सकती है या कॉल डिटेल निकाल सकती है। वह दोनों उसके संपर्क में कभी थे ही नहीं। उसका आरोप है कि विकास और भोलू को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। विकास व उसका परिवार उसे लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहा था।

उसने कहा कि उस पर गोलियां चलाने वाले लंबे थे, जिन्हें वह सामने आने पर पहचान सकता है। विक्की ने उस पर गोलियां चलाने वालों की सीसीटीवी से हासिल की फोटो भी उजागर की है। वहीं, दूसरी तरफ एसएसपी मोहाली हरमनदीप हंस का कहना है कि चंडीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन सेल ने जो दोनों आरोपी रित्विक व अमन को गिरफ्तार किया है, उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी। वहीं विक्की का पीजीआई में डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया है। विक्की की टांग पर चार गोलियां लगी थी, जिनमें एक गोली वारदात के दौरान टांग से आर-पार हो गई थी जबकि दो गोलियां ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने निकाल दी है। एक गोली अब भी टांग में फंसी हुई है जिसे दूसरे ऑपरेशन के दौरान निकाला जाएगा।

क्या था मामला

मोहाली में वीरवार सुबह पौने 5 बजे मोटरसाइकिल पर आए दो नकाबपोश युवकों ने जिम मालिक विक्की पर फायरिंग की थी। वारदात मोहाली फेज-2 में जिम के नीचे हुई थी। जिम मालिक विक्की अपनी कार से उतर कर जिम जाने लगा तो हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। गोलियां विक्की की टांगों पर लगी थी, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे। विक्की लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर गया था।

गोलियों की आवाज सुनकर उसका जिम ट्रेनर नीचे आया और उसने विक्की के भाई बंटी को फोन पर हमले की सूचना दी। बंटी के मौके पर पहुंचने से पहले ही ट्रेनर विक्की को बाइक पर बिठाकर जख्मी हालत में फेज-1 के प्राइवेट अस्पताल में ले गया जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रैफर कर दिया था। विक्की की टांग पर चार गोलियां लगी थी। सूचना मिलने के बाद एसएसपी मोहाली, पीसीआर इंचार्ज अजय पाठक, एसएचओ थाना फेज-1 सुखवीर सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल से चली हुई गोलियों के खोल बरामद किए थे। फेज-1 थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ इरादा कत्ल व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को मौके से एक सीसीटीवी भी मिली है जिसमें हमलावर फरार होते नजर आए थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें