जीरकपुर। जीरकपुर-अंबाला हाईवे पर स्थित कॉस्मो प्लाजा के बाहर खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर चोरी की घटना सामने आई है। दीपावली की खरीदारी करने आए चंडीगढ़ निवासी एक व्यक्ति को इस वारदात का शिकार होना पड़ा। चोरों ने उनकी कार से जरूरी दस्तावेजों वाला पर्स चुरा लिया। जीरकपुर पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खरीदारी के दौरान हुई वारदात
चंडीगढ़ निवासी कार मालिक सविंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दीपावली के चलते वह जीरकपुर के कॉस्मो प्लाजा में शॉपिंग करने आए थे। उन्होंने अपनी कार प्लाजा के बाहर पार्क की थी। जब वे खरीदारी पूरी कर लौटे तो उनकी कार का पीछे का शीशा टूटा हुआ था।
जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर कार का शीशा तोड़कर अंदर रखा उनका पर्स चोरी कर ले गए हैं। चोरी हुए पर्स में दो एटीएम कार्ड, एक क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, वाहन की आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) और अन्य कई जरूरी दस्तावेज थे। पुलिस ने सविंदर सिंह की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर/चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।