स्वच्छ भारत अभियान के तहत नगर काउंसिल ने शहर को प्लास्टिक कैरीबैग से मुक्ति दिलाने के लिए एक तरीका ढूंढ निकाला है। इसके तहत दफ्तर आकर प्रॉपर्टी टैक्स की अदायगी करने वालों को अब जूट का बैग फ्री में दिया जाएगा। काउंसिल की कोशिश है कि इसका इस्तेमाल लोग रोजमर्रा में करके प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने में सहयोग दें।
बता दें कि एक जनवरी से नगर काउंसिल ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत दफ्तर में आकर अदायगी करने वालों को एक जूट का बैग फ्री दिया जाएगा। इस बैग के मदद से लोगों के अंदर जागरूकता पैदा की जाएगी ताकि लोग इसका इस्तेमाल फल, सब्जी एवं करियाना आदि का सामान की खरीदने के लिए करें।
उच्चाधिकारियों के अनुसार शहर को कैरीबैग से मुक्ति दिलाने के लिए ट्राइसिटी के शहरों में जीरकपुर ऐसा पहला शहर है, जिसने इस प्रकार की योजना को जमीनी स्तर पर लागू करके लोगों में जागरूकता पैदा करने की दिशा में कदम उठाया है।
ऑनलाइन की बजाय लोगों ने दफ्तर पहुंचकर भरा प्रॉपर्टी टैक्स
जीरकपुर नगर काउंसिल की योजना को लोगों का पूरा समर्थन मिल रहा है। ऑनलाइन भुगतान करने के बजाय लोग दफ्तर पहुंचकर प्रॉपर्टी टैक्स अदा कर रहे हैं।
स्वच्छ भारत अभियान के तहत लोगों को प्रॉपर्टी टैक्स की अदायगी करने पर जूट का एक बैग फ्री दिया जा रहा है। काउंसिल का उद्देश्य है कि लोग फल, सब्जी और करियाना आदि खरीदने के लिए दुकानदार से प्लास्टिक कैरीबैग की मांग ही न करें।
-मनवीर सिंह गिल, ईओ, जीरकपुर नगर काउंसिल।