मोहाली। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) विकसित रिहायशी सेक्टरों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर ध्यान दे रही है। इसी कड़ी में गमाडा ने सेक्टर-88 और सेक्टर-89 के पार्कों में आधुनिक ओपन जिम उपकरण एवं मशीनें स्थापित करने की योजना शुरू की है। इस परियोजना पर करीब 2.27 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना पूरी होने के बाद दोनों सेक्टरों के लोगों को घर के नजदीक ही आउटडोर फिटनेस सुविधाएं मिलेंगी।
अधिकारियों के अनुसार, सेक्टर-88 और 89 तेजी से विकसित हो रहे आवासीय क्षेत्र हैं। यहां बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं। इन सेक्टरों के पार्क पहले से ही मॉर्निंग वॉक, योग और मनोरंजन का केंद्र हैं। अब ओपन जिम बनने से युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को नियमित व्यायाम के लिए निजी जिम का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। परियोजना के तहत पार्कों में विभिन्न प्रकार की आधुनिक फिटनेस मशीनें लगाई जाएंगी। इनका उपयोग अलग-अलग आयु वर्ग के लोग आसानी से कर सकेंगे। इन उपकरणों को खुले वातावरण में सुरक्षित और सुविधाजनक व्यायाम के लिए डिजाइन किया जाएगा।
अधिकारियों का बयान
डिविजनल इंजीनियर अवदीप सिंह ने बताया कि सेक्टर-88 और 89 के पार्कों में आधुनिक ओपन जिम की सुविधा विकसित की जा रही है। इसका उद्देश्य स्थानीय निवासियों, विशेषकर युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को पार्कों में ही बेहतर फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं, जिसके बाद इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा।