मोहाली। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की आठवीं की परीक्षा में जिले के विद्यार्थियों ने परचम फहराया है। शुक्रवार को घोषित परीक्षा परिणामों में जिले के चार बच्चों ने प्रदेश में टॉप 15 में स्थान बनाया है। इसमें डेराबस्सी सरकारी हाई स्कूल कारकौर की स्मृति वर्मा ने जिले में प्रथम जबकि प्रदेश में छठा स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा सरकारी मिडल स्कूल जंडपुर खरड़ के मिट्ठू ने प्रदेश में 10वां जबकि जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है।
सरकारी मिडल स्कूल गांव स्याऊ की अमनप्रीत कौर ने पंजाब में 12वां और जिले में तीसरे स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा माउंट व्यू पब्लिक स्कूल बलटाना जीरकपुर के सुतेज ने पंजाब में 12वां और जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। प्रदेश में मोहाली के 10,140 9,900 बच्चों ने परीक्षा दी। इनमें 97.63 प्रतिशत बच्चे पास हुए। प्रदेश में मोहाली 14वें स्थान पर रहा। परीक्षा परिणामों की घोषणा होते ही स्कूलों और साइबर कैफे पर भीड़ देखने को मिली। जिले में लड़कियों का प्रदर्शन बेहतर रहा।
पिता लगाते हैं मेले में दुकान, बेटी ने हासिल किया पहला स्थान
डेराबस्सी। गांव कारकौर की छात्रा स्मृति वर्मा ने पंजाब में छठा और जिले में पहला स्थान प्राप्त कर अपने स्कूल और परिवार का नाम रोशन किया। सरकारी स्कूल की छात्रा स्मृति ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने शिक्षकों और माता-पिता को दिया है। स्मृति की मां रीना वर्मा एक आशा वर्कर हैं, जबकि उनके पिता पदम कुमार मेलों में दुकान लगाते हैं। स्मृति के परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है, लेकिन उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह सफलता हासिल की है।
स्मृति ने बताया कि उनके स्कूल के अध्यापक बहुत अच्छे हैं और पढ़ाई को लेकर काफी मेहनत करवाते हैं। उसने कहा कि अध्यापक पढ़ाई के प्रति प्रेरित करते हैं। माता रीना वर्मा ने बताया कि स्मृति को टीवी देखने का बिल्कुल भी शौक नहीं है। वह मोबाइल फोन का उपयोग केवल अपनी पढ़ाई और स्कूल के होमवर्क के लिए ही करती है। उनकी इस अनुशासित दिनचर्या का परिणाम उनकी सफलता में साफ देखा जा सकता है। गांव के सरपंच और अन्य ग्रामीणों ने भी स्मृति की उपलब्धि की सराहना की है। स्मृति का सपना है कि वह आगे चलकर डॉक्टर बने और समाज की सेवा करे।
बहन रही दसवीं टॉपर छोटी बहन आठवीं में रही द्वितीय
खरड़। गांव जंडपुर के सरकारी मिडिल स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा मिट्ठू ने जिले में दूसरा स्थान और पंजाब में दसवां स्थान प्राप्त किया है। छात्रा मिट्ठू को 98.50 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। उसने 600 में से 591 अंक प्राप्त किए हैं। सरकारी मिडिल स्कूल गांव जंडपुर की मुख्य अध्यापिका जसवीर कौर ने बताया की छात्रा मिट्ठू के पिता चंदन मोहन मूल रूप से बिहार के हैं। मुख्याध्यापिका ने बताया की छात्रा मिट्ठू एक होनहार छात्रा है। मिट्ठू की बड़ी बहन भी पिछले साल दसवीं कक्षा में मोहाली जिले में दूसरे स्थान पर रही थी।
सूतेज बनना चाहता है सॉफ्टवेयर इंजीनियर
जीरकपुर। माउंट व्यू पब्लिक स्कूल बलटाना जीरकपुर के छात्र सूतेज ने जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। सूतेज के पिता अश्वनी गर्ग और माता कविता गर्ग ने बताया कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी रुचि रखता है। यह सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहता है। माउंट व्यू पब्लिक स्कूल बलटाना के चेयरमैन मेजर गुरचरण सिंह ने बताया कि हम बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित करते रहते हैं।
सुबह कभी तीन बजे उठकर पढ़ती है अमनदीप
मोहाली। गांव स्याऊ में स्थित सरकारी मिडिल स्कूल की छात्रा अमनदीप कौर के पिता लालसिंह का कहना है कि वह पढ़ते-पढ़ते सो जाती है। उसने आठवीं की परीक्षा में 600 में से 589 नंबर लाकर परीक्षा पास की है। अमनदीप सुबह कभी चार बजे तो कभी तीन बजे से ही पढ़ने बैठ जाती है। रात को कभी खाना खाकर तो कभी बिना खाए ही पढ़ाई करते करते सो जाती है। सरकारी मिडिल स्कूल स्याऊ मोहाली की इंचार्ज गुरजीत सिंह का कहना है कि अमनदीप कौर ने हमेशा स्कूल में अध्यापकों की बात सुनी और घर के लिए जो भी होमवर्क दिया गया उसे हमेशा पूरा किया। पढ़ाई के प्रति उसकी लगन और मेहनत का ही नतीजा है ये जो आज जिले में तीसरा स्थान लाकर उसने स्कूल के साथ ही अपने माता पिता का नाम रोशन किया है।