अंगुली काटने के आरोपी गौरी काे तीन दिन के रिमांड पर लिया
शंभू टोल प्लाजा पर सीआईए और जिला पुलिस ने मिलकर पकड़ा था आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। फेज-1 से आठ फरवरी को एक युवक हरदीप को तीन युवकों ने अगवा करके उसके गांव बड़माजरा के जंगल में ले जाकर यहां पर उसके हाथ की अंगुलियां काट दी गई थी। ऐसा मुख्य आरोपी गौरी ने अपने भाई बंटी के कत्ल में हरदीप का हाथ होने के शक में अपने साथियों के साथ किया था। इन्होंने हरदीप के हाथ की अंगुलियां दातर से काट डाली थीं। इस संबंध में शनिवार को सीआईए स्टाफ और जिला पुलिस ने आरोपियों का पीछा करके दो आरोपियों गौरव शर्मा उर्फ गौरी और तरुण को मुठभेड़ के बाद शंभू टोल प्लाजा से पकड़ा था। इस मुठभेड़ में गौरी को जांघ में गोली लगी थी। इस कारण उसे रविवार को अदालत में पेश नहीं कर पाए थे। सोमवार को उसकी हालत ठीक होने पर उसे जिला अदालत में पेश किया गया। इस दौरान पुलिस ने उसको तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
अदालत में सुनवाई के दौरान पुलिस ने दलील रखी कि घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है। उसमें तीन लोग दिखाई दे रहे हैं। इनमें से दो पकड़े जा चुके हैं। आरोपी से इसके तीसरे साथी के बारे में पूछताछ करनी है। घटना में इस्तेमाल हथियार के बारे में अभी तक आरोपी ने कुछ नहीं बताया है। आरोपी से पूछताछ करके हथियार बरामद किया जाना है, इसलिए उन्हें पांच दिन का रिमांड दिया जाए। अदालत ने दलीलें सुनने के बाद तीन दिन का रिमांड दे दिया।