जीरकपुर। चंडीगढ़-अंबाला हाईवे स्थित प्रीत कॉलोनी में शराब के ठेके के कारण स्थानीय निवासी परेशान हैं। लोगों का आरोप है कि ठेके से शराब खरीदने वाले लोग गली में खुलेआम शराब पीते हैं और हुड़दंग मचाते हैं। इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का वहां से गुजरना मुश्किल हो गया है। रविवार को निवासियों ने रोष जताते हुए प्रशासन से ठेका रिहायशी इलाके से हटाने और समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि राहत नहीं मिली तो सड़क जाम किया जाएगा।
महिलाओं से अभद्र व्यवहार का आरोप
निवासियों के अनुसार, शाम होते ही गली में शराब पीने वालों का जमावड़ा लग जाता है। विरोध करने पर कुछ लोग झगड़े पर उतारू हो जाते हैं और कई बार विवाद मारपीट तक पहुंच चुका है। लोगों ने आरोप लगाया कि नशे में धुत कुछ लोग महिलाओं पर अश्लील टिप्पणियां करते हैं और छेड़छाड़ भी करते हैं। इससे महिलाएं और युवतियां अकेले आने-जाने में असहज महसूस करती हैं। कई लोगों ने इस गली से गुजरना तक बंद कर दिया है। उन्हें दूसरे रास्ते से जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कॉलोनी के नजदीक पुलिस बीट बॉक्स होने के बावजूद सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने की समस्या बनी हुई है। उन्होंने चोरी की घटनाओं और नशे से जुड़ी गतिविधियों पर भी चिंता जताई। निवासियों ने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
एसएचओ बोले, होगी कार्रवाई
मामला मेरे संज्ञान में आ गया है। रिहायशी क्षेत्र में शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इलाके में पुलिस की गश्त भी बढ़ाई जाएगी। -जसवीर सिंह तूर, एसएचओ, थाना जीरकपुर