जीरकपुर। ढकोली क्षेत्र में सड़कों के किनारे और जहां-तहां कूड़ा डालने की वजह से स्थानीय लोग परेशान हैं। कई दिनों से वार्ड नंबर-13 और 14 के बीच में गंदे नाले की पुलिया के बिल्कुल साथ कूड़ा गिराया जा रहा है। यहां पर यह भी देखने को मिला है कि सफाईकर्मी अपनी रेहड़ी में से यहां पर कूड़ा गिराते देखे गए हैं। इस कारण कूड़े के ढेर बड़े होते जा रहे हैं। लोगों ने नगर परिषद अधिकारियों को भी यहां पर सफाई करवाने के लिए गुहार लगाई थी।
इसके बाद आज सुबह यहां से कूड़ा उठा दिया गया। ढकोली निवासी राजेश पठानिया, सतीश शर्मा, डॉक्टर अजय यादव, पुनीत दत्त, दीपा, एसके ढींगरा ने कहा कि गुरुद्वारा बाउली साहिब से पहले वेरका बूथ के पास कूड़े का अंबार लगा हुआ है। यहां पर पहले कुछ मालवा गिरा हुआ था, कुछ लोगों ने इसके ऊपर ही कूड़ा गिरना शुरू कर दिया है। इस कारण यहां पर गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो लोग दिवाली के त्योहार के मद्देनजर अपने घरों की साफ सफाई करते हैं, दूसरी तरफ बाहर सड़कों के किनारे गंदगी फैला रहे हैं। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों से मांग की है कि आने वाले दिवाली के त्योहार को देखते हुए क्षेत्र में सफाई का विशेष रूप से प्रबंध किया जाए।
्र
हम लगातार सफाई का काम करवा रहे हैं। वार्ड नंबर-13 और 14 की पुलिया को पूरी तरह से साफ करवा दिया गया है। सफाईकर्मियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि यहां पर कोई कूड़ा नहीं गिराया जाना चाहिए। वार्ड नंबर-14 में स्थित दशमेश एनक्लेव के पास जो कूड़ा गिराया जा रहा है उसे साफ करवा दिया जाएगा और कूड़ा गिराने वालों के चालान भी किए जाएंगे। - मनोज कुमार, सेनेटरी इंस्पेक्टर, नगर परिषद जीरकपुर