डेराबस्सी। चंडीगढ़-अंबाला मुख्य मार्ग पर जवाहरपुर गांव के पास सीटीयू बस और मोटरसाइकिल की टक्कर में मोटरसाइकिल सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मोटरसाइकिल चालक युवक बाल-बाल बच गया। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह कोमा में होने के कारण फिलहाल बयान देने में असमर्थ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एएसआई दौलत सिंह ने बताया कि डेराबस्सी स्थित निजी अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक महिला घायल अवस्था में आई है। उसका इलाज चल रहा है। महिला के बेटे से मिली जानकारी के अनुसार, वे दो दिन पहले मोटरसाइकिल पर अंबाला की तरफ जा रहे थे। जब वे जवाहरपुर गांव के पास पहुंचे, तो सीटीयू बस ने उन्हें टक्कर मार दी और बस चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और बस का नंबर पता चला। एएसआई दौलत सिंह ने बताया कि बस चालक को थाने बुलाया गया है। उनका बयान लेने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।