सफाई मुलाजिमों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शनिवार को तीसरे दिन में प्रवेश कर गई। इस दौरान मुलाजिमों ने फेज-8 स्थित दशहरा ग्राउंड में रैली की। साथ ही फेज-3-5 की लाइटों तक रोष मार्च निकाला व सरकार का पुतला जलाया। वहीं, दूसरी तरफ मुलाजिमों की हड़ताल से शहर की सफाई-व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो गई है।
जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे पड़े हैं। कूड़ेदान कूड़े से भर गए हैं। वहीं, मुलाजिमों ने साफ किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जाती हैं। उनका संघर्ष जारी रहेगा। जानकारी के मुताबिक हड़ताल पर चल रहे मुलाजिम शनिवार को दी क्लास फॉर गवर्नमेंट इंप्लाइज यूनियन के बैनर तले दशहरा ग्राउंड में इकट्ठे हुए। इसके बाद मुलाजिमों ने सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।
फिर मुलाजिमों ने रोष रैली निकाली। साथ ही निगम कमिश्नर उमाशंकर गुप्ता का पुतला जलाया। वहीं, मुलाजिम नेताओं ने साफ किया कि चार अप्रैल से वह घरों से कूड़ा उठाना बंद कर देंगे। रैली को मुलाजिम नेता सज्जन सिंह, रघबीर सिंह, मोहन सिंह, पवन गोडयाल, राजन चवरिया, शोभा राम व प्रीतम सिंह शामिल थे। उन्होंने बताया कि अब वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
करोड़ों का दिया ठेका, पर नहीं करने दे रहे काम
मुलाजिमों की हड़ताल से शहर की सफाई पर बुरा असर पड़ रहा है। निगम की तरफ से लगभग 13 करोड़ रुपये का सफाई ठेका दिया गया है, लेकिन हड़ताल पर चल रहे सफाई मुलाजिम उन्हें भी काम नहीं करने दे रहे हैं। इस कारण शहर में ऐसी स्थिति बन रही है।
मुलाजिमों का क्या स्टेटस है
जानकारी के मुताबिक जिले में 250 के करीब सरकारी, जबकि 780 के करीब प्राइवेट मुलाजिम हैं। सारे मुलाजिम हड़ताल पर चल रहे हैं। जिससे शहर की सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है।