शिअद प्रधान बोले-अब किसी सरकार को किसानों की फिक्र तक नहीं है
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। पंजाब में रहने वालों को डर लगता है। वजह है गैंगस्टरों की काॅल आती है और फिर रंगदारी मांगी जाती है। बिजनेसमैन, रसूखदार लोगों और कलाकारों को गैंगस्टर धमका रहे हैं। गोलियां चलाई जा रही हैं। पंजाब में यह बदलाव दस साल में आया है। यह कहना है पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम और शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल का। वह वीरवार को मोहाली के फेज-4 में वरिष्ठ अकाली नेता बीबी कुलदीप कौर कंग के घर पहुंचे थे। इस दौरान अकाली दल की मोहाली लीडरशिप मौके पर मौजूद थी।
सुखबीर बादल ने कहा कि जैसा पंजाब का हाल है, उसमें कई लोग अपनी जान गवां चुके हैं। इसके बावजूद पंजाब सरकार हाथ पर हाथ रखकर बैठी है। सुखबीर बादल ने कहा कि किसी भी सरकार को किसानों से कोई लेनादेना नहीं है। न भाजपा और न आम आदमी पार्टी की सरकार को किसानों की चिंता है। यही वजह है कि सरकार किसानों से बात तक नहीं करना चाहती है। किसानों के धरने जारी हैं, बावजूद इसके उनकी बात कोई भी सुनने को तैयार नहीं है। एक समय था जब किसान हमारी ही नहीं, सभी सरकारों की प्राथमिकता होते थे, अब ऐसा नहीं रह गया है।