मोहाली। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने गायक सिद्धू मूसेवाला के हत्यारों को हथियार और लॉजिस्टिक मुहैया करवाने वाले कुख्यात गैंगस्टर को डेराबस्सी से गिरफ्तार किया है। इसकी पहचान महफूज खान उर्फ विशाल के रूप में हुई है, जो गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई व आतंकी गोल्डी बराड़ का गुर्गा है।
एजीटीएफ ने आरोपी को खास इनपुट पर गिरफ्तार किया है। इसके खिलाफ डेराबस्सी थाने में बीएनएस की धारा-111, 109, 308 (5), 32 (बी), 333 व आर्म्स एक्ट में पहले ही केस दर्ज हैंं। अब आर्म्स एक्ट में नया केस दर्ज किया गया है। इसको अदालत में पेश किया गया। यहां से अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
इससे पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी महफूज खान ने 26 जनवरी को ट्राइसिटी में एक बड़ी वारदात को अंजाम देना था। इसके लिए उसकी गोल्डी बराड़ से बात चल रही थी और उसका टारगेट कौन था, यह गोल्डी बराड़ ने ही उसे बताना था। आरोपी से एक .32 बोर की पिस्टल और पांच कारतूस बरामद हुए हैं।