मोहाली। गमाडा की ओर से रिहाइशी कॉलोनियोें को बसाने के लिए बनाए गए नियमों को ताक पर रखकर अवैध तरीके से बन रही कॉलोनियों के खिलाफ एक बार फिर गमाडा ने कमर कस ली है।
वीरवार को गमाडा ने ड्राइव चलाकर एक साथ कई अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान गमाडा की टीम ने जेसीबी चलाकर लोगों की ओर से किए गए अवैध निर्माणों को गिरा दिया। इस मौके पर गमाडा के तमाम सीनियर अफसर और कर्मचारी मौजूद रहे। इसके साथ ही की गई पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी करवाई गई, जिससे बाद में गमाडा की कार्रवाई पर कोई सवाल न उठा सके। हालांकि गमाडा की ओर से कोरोना के कारण लगे लॉकडाउन के दौरान अपनी कार्रवाई बंद कर दी थी। लेकिन अब लॉकडाउन खत्म होने के बाद गमाडा की टीम अवैध निर्माणों पर नजर रख रही है।
मिली जानकारी के मुुताबिक गमाडा के पास काफी समय से शिकायतें आ रही थी कि लोगों की ओर से इलाके में अवैध निर्माण किया जा रहा है। इतना ही नहीं कई लोगों ने एग्रीकल्चर लैंड में ही निर्माण कर लिया है। जिसके बाद गमाडा की टीम ने झामपुर, भूखडी, दांऊ माजरा और रडियाला में जांच की तो पता चला कि इन सभी जगह पर अवैध निर्माण किया गया है। गमाडा के अधिकारियों ने लोगों को हिदायत दी है कि भविष्य में इस तरह के निर्माण करने से बचें।
सड़कें और सीवरेज टैंक भी बना रखे थे
मिली जानकारी के मुताबिक अवैध कॉलोनियां काटने वालों के हौंसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने अवैध तरीके से सड़क और सीवरेज टैंक भी बनाए हुए थे। जिससे लोगों का उन पर विश्वास बना रहे और वह लोगों को बेवकूफ बनाकर प्लॉटों को आसानी से बेच सकें। हालांकि गमाडा ने कार्रवाई करते हुए सभी को तोड़ दिया है। गमाडा के अधिकारियों का कहना है कि नियमों को ताक पर रखकर जो भी निर्माण करेगा, उसे बक्शा नहीं जाएगा।