कुराली। शहर के वार्ड नंबर-7 की दशमेश कॉलोनी में गायों के मरने से लोग परेशान हैं और इसे लेकर लोगों में रोष है। लोगों ने सर्दी से गायों को बचाने के लिए ठोस प्रबंध करने की मांग की है।
जानकारी देते हुए मोहल्लावासियों ने बताया कि कुछ दिन पहले दो गाय मरी पड़ी मिली। इस बारे में प्रशासन को बताया पर किसी कर्मी के न आने पर अपने खर्चे पर गायों को वहां से उठवाया। अब कुछ दिनों के बाद फिर एक सांड और दो गाय मरे पड़े मिले हैं। गायो का मरना दुखदायक घटना है। प्रशासन को इन्हें संभालना चाहिए क्योंकि शहर में बडी संख्या में घूम रहे लावारिस गोवंश के कारण आए दिन जहां हादसे हो रहे हैं, वहीं ये लोगों पर जानलेवा हमले भी कर रहे हैं। इसके साथ ही ये फसलें भी बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गो सेस के रूप में करोड़ों रुपये इकट्ठे करने के बावजूद सरकार इन्हें नहीं संभाल रहीं।