मोहाली। जिले में रोजाना आ रहे कोरोना संक्रमितों का ग्राफ लगातार कम हो रहा है और ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है। संक्रमित होने वालों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या जिले में तीन गुना हो गई है। इतना ही नहीं अब कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या भी कम होने लगी है। इसके मद्देनजर बुधवार को जहां चार कोरोना संक्रमितोें ने दम तोड़ दिया, वहीं 659 लोग ठीक भी हुए हैं। जबकि वीरवार को 278 नए संक्रमित सामने आए हैं।
डीसी गिरीश दियालन ने लोगों से अपील की है कि कोरोना को मात देने के लिए सरकार की ओर से निर्धारित नियमों का पालन जरूर करें। तभी कोरोना महामारी को मात दी जा सकती है।
जानकारी के मुताबिक कुछ दिनों से कोरोना की दूसरी लहर जिले में कमजोर पड़ रही है। इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह मिनी लॉकडाउन, टीकाकरण और उचित टेस्टिंग है। वीरवार को करीब दो महीनों के बाद सबसे कम चार लोगों की मौत हुई है, जो कि जिला सेहत विभाग के लिए सबसेे बड़ी राहत की बात है। इसके अलावा संक्रमण की दर कमजोर पड़ गई है। मोहाली शहरी एरिया में जहां 200 से कम मरीज नहीं आ रहे थे, वहीं अब एक दिन में मात्र 76 केस आए हैं।
इसी तरह डेराबस्सी में 42, ढकोली में 48, लालड़ू में 9, बूथगढ़ में 8, घडुआं में 15, खरड़ में 53, कुराली में 5, बनूड़ में 22 संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 65761 हो गई है और इनमें से 60526 लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि अभी 4325 सक्रिय केस हैं, वहीं 910 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। यह आंकड़े पूरे ट्राइसिटी में सबसे अधिक हैं। हालाकि विभाग का कहना है कि जो लोग घरों में होम आइसोलेशन में चल रहे हैं, वह नियमित अपना ऑक्सीजन लेवल से लेकर अन्य चीजों पर पूरी तरह से ध्यान रखें। किसी तरह की दिक्कत आने पर मेडिकल हेल्पलाइन नंबर-104 पर कॉल करके जानकारी ले सकते हैं।