लाइब्रेरी रूम बनाने का नींव पत्थर
- फोटो : अमर उजाला
शहर के प्रमुख तीन पार्कों में अब लोग सैर के साथ-साथ अखबार और मैगजीन पढ़ने का आनंद भी उठा पाएंगे। किसी भी मौसम में लोग इस सुविधा का लुत्फ उठा सकते हैं। यह सपना गमाडा के प्रयास से जल्द ही साकार होने जा रहा है। इसके तहत शहर के तीन प्रमुख पार्कों में लाइब्रेरी रूम के साथ रेस्ट रूम बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। इस काम को करीब चार माह में पूरा कर लिया जाएगा।
प्रत्येक लाइब्रेरी रूप पर करीब 20 लाख रुपये खर्च आएगा। यहीं नहीं लाइब्रेरी रूम के लिए एक डिजाइन भी तैयार किया गया है। रविवार को शहर के तीन प्रमुख पार्कों का नींव पत्थर सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने रखा और काम को शुरू करवाया। इन पार्कों में फेज-4 के शहीद अनिल शर्मा बोगेनवेलिया पार्क, फेज-3बी1 स्थित रोज गार्डन, फेज-11 स्थित नेबरहुड पार्क शामिल हैं। चंदूमाजरा ने इस मौके पर कहा कि लोगों की मांग पर पार्कों में लाइब्रेरी रूम बनाए जा रहे हैं। इनका काम जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। लोग आराम से बैठ कर लाइब्रेरी रूमों का फायदा उठा सकें।
जानकारी के मुताबिक, गमाडा ने इसके लिए उन तीन पार्कों का चयन किया है, जहां पर अधिकतर लोगों का आना-जाना रहता है। वहीं, लाइबेरी रूम बनाने की व्यवस्था भी इस प्रकार की जा रही है कि पार्कों में सैर करने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न आए। यह काम एक प्राइवेट कंपनी करेगी। काम की रोजाना ठेकेदार रिपोर्ट भी देगा। इस मौके पर चंदूमाजरा के साथ अकाली दल के हलका इंचार्ज हरिंदरपाल चंदूमाजरा, अकाली दल के शहरी प्रधान परमजीत काहलों, पार्षद गुरमीत वालिया, कुलदीप कौर कंग और गुरमुख सिंह सोहल मौजूद रहे।