पूर्व मंत्री साधु सिंह धर्मसोत।
- फोटो : twitter
वन विभाग में हुए करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में रिमांड पर चल रहे पूर्व वन मंत्री एवं कांग्रेसी नेता साधू सिंह धर्मसोत की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस मामले में विजिलेंस ने डिस्ट्रिक्ट फॉरेस्ट अफसर मोहाली (डीएफओ) गुरअमनप्रीत सिंह की भी गिरफ्तारी डाल दी है। अब पुलिस उक्त लोगों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी, जिससे इस केस की सभी परतें खुल जाएंगी।
डीएफओ पहले ही रिश्वत मांगने के आरोप में एक दूसरे केस में गिरफ्तार है। अदालत ने डीएफओ, पूर्व मंत्री और उनके दो साथियों कर्मजीत सिंह और चमकौर सिंह को तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया है। पूर्व मंत्री साधू सिंह धर्मसोत और उसके दोनों साथियों को शुक्रवार दोपहर तीन दिन का पुलिस रिमांड खत्म होने पर विजिलेंस ने दोबारा अदालत में पेश किया।
मंत्री का रिमांड लेने के लिए विजिलेंस ने तर्क दिया कि आरोपी के बैंक खातों की जांच करनी है। इस पर बचाव पक्ष के वकीलों ने एतराज जताया। उन्होंने कहा कि आरोपी मंत्री पांच बार चुनाव लड़ चुके हैं। चुनाव में नामांकन भरते समय उन्होंने अपनी संपत्ति और बैंक खातों का पूरा ब्योरा दिया था। ऐसे में रिमांड की कोई जरूरत नहीं है। इसके बाद पुलिस ने तर्क दिया कि अब तीनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करनी है। इसके अलावा अब डीएफओ को भी गिरफ्तार कर लिया है। ऐसे में अब रिमांड की जरूरत है। अदालत ने दोनों वकीलों की दलील सुनने के बाद उन्हें तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया।
पूर्व मंत्री बोले- सरकार ठेकेदार को बचाने में जुटी
अदालत से बाहर आते समय पूर्व मंत्री साधू सिंह धर्मसोत ने मीडिया से बातचीत करने की कोशिश की लेकिन विजिलेंस की टीम ने उन्हें तुरंत गाड़ी में बैठा दिया। हालांकि इस दौरान पूर्व मंत्री ने कहा कि सरकार ठेकेदार को बचाने की कोशिश कर रही है। ठेकेदार की डायरी को ही आधार बनाकर दो पूर्व मंत्री, वन अफसर समेत नौ लोगों पर केस दर्ज किया गया था।
धर्मसोत के ओएसडी ने कबूला रिश्वत का खेल
पूर्व मंत्री साधू सिंह धर्मसोत के मामले में उनके ओएसडी चमकौर सिंह ने विजिलेंस की पूछताछ में कई बड़े खुलासे किए हैं। चमकौर सिंह ने बताया है कि 2017 से विभाग में रिश्वत का खेल चल रहा है। सबसे कम रिश्वत 10 लाख रुपये दी जाती थी। मनपसंद पोस्टिंग या शिवालिक हिल्स में पोस्टिंग के लिए 20 से 25 लाख रुपये तक की रिश्वत दी जाती थी। विजिलेंस ने इस मामले में कुछ अहम सबूत भी हासिल किए हैं।