मोहाली। पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता बलबीर सिंह सिद्धू ने मोहाली के बीडीपीओ धनवंत सिंह रंधावा पर गांवों के विकास कार्यों में करोड़ों रुपये के घोटाले का आरोप लगाया है।
उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से बीडीपीओ को तत्काल निलंबित करने और मोहाली निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांवों में हुए घोटालों की जांच की मांग की है। सिद्धू ने कहा कि गांव बाकरपुर के तालाब की सफाई, सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के लिए मेटिकुलस एंटरप्राइजेज को 13.32 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जबकि मौके पर कोई काम नहीं हुआ है।
इसी तरह गांव कुरड़ा में कूड़ा निस्तारण के लिए शेड बनाने के नाम पर पंचायत खाते से 1,72,406 रुपये निकाले गए, लेकिन वहां शेड का कोई अस्तित्व नहीं है। ये महज दो उदाहरण हैं, यदि ईमानदारी से जांच की जाए, तो ऐसे घोटालों की लंबी फेहरिस्त सामने आ सकती है।