पूर्व अकाली मंत्री जत्थेदार तोता सिंह को भी डेंगू ने शिकार बना लिया है। उन्हें फोर्टिस अस्पताल में दाखिल कराया गया है। बुधवार दोपहर पंजाब के डिप्टी सीएम सुखबीर बादल उनका हालचाल लेने फोर्टिस अस्पताल पहुंचे।
सुखबीर कुछ देर अस्पताल में रहे और तोता सिंह से बातचीत की। साथ ही डॉक्टरों से उनकी सेहत के बारे में पूछताछ की। इस मौके पर यूथ अकाली दल के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट हरसुखइंदर सिंह बब्बी बादल एवं एसएसपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर भी मौजूद थे। जत्थेदार तोता सिंह का इलाज कर रहे फोर्टिस के एडिशनल डायरेक्टर इंटरनल मेडिसिन डॉ. विकास भूटानी ने कहा कि तोता सिंह की हालत स्थिर है।
उन्हें एक्यूट फेब्राइल इलनेस हुई है, डेंगू पॉजिटिव आया है और थ्रॉम्बोसाइटोपेनिया की शिकायत है। उनकी हालत स्थिर है। जिले में भी डेंगू तेजी से पैर पसार रहा है। जिले में बुधवार तक डेंगू के मरीजों की संख्या 24 हो गई थी। अब तक खरड़ निवासी एक व्यक्ति की डेंगू से मौत की पुष्टि हुई है। बुधवार मटौर के एक निवासी को भी एक निजी अस्पताल ने डेंगू होने की पुष्टि की। हालांकि सेहत विभाग ने इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की है।