मोहाली। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-7 में हुए सड़क हादसे में फूड डिलीवरी करने वाले युवक की मौत हो गई। गांव बाजा चक्क जिला होशियारपुर निवासी सिमरनजीत (22) फूड डिलीवरी का काम करता था।
पुलिस को दी शिकायत में सुखजिंदर सिंह ने बताया कि उनका बेटा सिमरनजीत सिंह पिछले दो साल से मोहाली में रहकर काम कर रहा था। दोपहर करीब 2 बजे सिमरनजीत बाइक पर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-7 की ओर जा रहा था, तभी पीछे से एक स्कूल की एक बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद सिमरनजीत बाइक से गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद राहगीरों ने उसे तुरंत उठाकर सेक्टर-71 के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया। अस्पताल में उसकी हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। सिमरनजीत के दोस्त उसे पीजीआई ले गए, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपी बस चालक की तलाश शुरू कर दी है।