मोहाली। पूर्व मेयर एवं आजाद ग्रुप के प्रमुख कुलवंत सिंह ने वीरवार को चुनावी घोषणा पत्र जारी किया। उन्होंने अपने घोषणा पत्र में शहर को ट्रैफिक समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए एयरपोर्ट रोड पर फ्लाईओवर बनाने को प्रमुखता से रखा है। वही, एक अति आधुनिक सभागार (ऑडिटोरियम) सिटी बस सर्विस और पर्यावरण को बचाने की दिशा में काम संबंधी वायदे अपने चुनावी घोषणा पत्र में किए हैं। उन्होंने कहा कि वह जो चुनानी वायदे करेेंगे, उन्हें चुनाव जीतने के तुरंत बाद पूरा किया जाएगा और मोहाली का बुनियादी ढांचा हर हाल में मजबूत किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक सेक्टर-79 स्थित आजाद ग्रुप के कार्यालय में कुलवंत सिंह, परविंदर सिंह सोहाना और अन्य नेताओं ने चुनानी घोषणा पत्र जारी किया। इस घोषणा पत्र के माध्यम से शहर के लोगों से वादा किया है कि मोहाली में 200 फुट चौड़ी एयरपोर्ट रोड पर फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। जो शहर में यातायात की भीड़ को कम करेगा। नगर निगम के बजट का 30 से 40 फीसदी हिस्सा मोहाली की जलवायु को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए पार्कों के सौंदर्यीकरण, लैंड स्केपिंग, फूलों और पौधों के साथ-साथ सुंदर पेड़ों पर खर्च किया जाएगा। बुद्धिजीवियों, लेखकों, कलाकारों और पत्रकारों सहित सभी क्षेत्र के लोगों के लिए एक अत्याधुनिक ऑडिटोरियम और कला केंद्र स्थापित किया जाएगा। चुनाव जीतने के बाद, हम शहर में सिटी बस सेवा चलाएंगे।
एक सवाल के जवाब में कुलवंत सिंह ने कहा कि पिछले पांच साल में हम केंद्र से मोहाली के लिए 2 बड़ी सीवरेज और जल परियोजनाएं लाए हैं। जिससे मोहाली के लोगों को बड़ी राहत और सुविधा मिली है। इस बार भी जीतने के बाद हम मोहाली के लिए बड़ी परियोजनाओं को पारित करेंगे। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वह मोहाली में रहते हैं और पिछले 25 साल से मोहाली के लोगों की सेवा कर रहे हैं, इसलिए शहर के लोग उनका समर्थन करते हैं।
कांग्रेस और अकाली मिलकर लड़ रहे हैं चुनाव
आजाद ग्रुप के प्रमुख कुलवंत सिंह ने कहा कि हार के डर से कांग्रेस और अकाली दल तकरीबन एक साथ मिलकर नगर निगम चुनाव लड़ रहे हैं। इसके बावजूद भी आजाद ग्रुप के सभी उम्मीदवार रिकॉर्ड मतों से जीतेंगे। क्योंकि मोहाली के लोग सिर्फ चरित्र को देखकर और पार्र्टीबाजी से ऊपर उठकर ही वोट देंगे। उन्होंने कहा कि हार के डर से सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने मोहाली शहर के सभी वार्डों में तोड़ मरोड़ की है।।
सेहत मंत्री पर लगाए गंभीर आरोप
कुलवंत सिंह ने कहा कि हमने पिछले पांच साल में पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ विकास का काम किया है। जबकि दूसरी ओर बलबीर सिंह सिद्धू और उनके परिवार ने अपनी शक्ति का दुरुपयोग किया है और करोड़ों रुपये की शामलात जमीन पर कब्जा कर लिया है। अंत में कुलवंत सिंह ने ‘पार्टी नहीं, किरदार चुनें’ का नारा देते हुए आजाद ग्रुप के सभी उम्मीदवारों को जिताने की अपील की। इस मौके पर आजाद ग्रुप के प्रवक्ता परविंदर सिंह सोहाना, सीनियर नेता फूलराज सिंह, अकबिंदर सिंह गोसल और आरपी शर्मा के अलावा अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।