मोहाली। नगर निगम चुनाव के लिए वार्ड-37 से भाजपा की उम्मीदवार मुन्नी देवी के पति सोमपाल की ओर से फंदा लगाकर आत्महत्या के मामले में पुलिस ने गांव मटौर के पूर्व पार्षद और उसके परिवार के दो सदस्यों समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। नामजद तीनों आरोपियों में पूर्व पार्षद हरपाल चन्ना, उसका भाई फौजी और भाभी बलजिंदर कौर शामिल हैं। चुनाव मैदान में बलजिंदर कौर की टक्कर मुन्नी देवी के साथ है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मृतक सोमपाल को आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इस मामले में थाना फेज-1 के एसएचओ इंस्पेक्टर शिवदीप सिंह बराड़ ने कहा कि पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक मुन्नी देवी ने पुलिस को शिकायत दी थी कि पिछले कई दिन से उसके पति पर उक्त आरोपियों की ओर से चुनाव को लेकर दबाव बनाया जा रहा था कि वह अपनी पत्नी का नामांकन वापस करवा दे। इतना ही नहीं 4 फरवरी को तीनों आरोपी उसके पति और उसे नामांकन वापस लेने के लिए रिटर्निंग अधिकारी के दफ्तर भी लेकर गए थे। इस मौके पर उन्होंने दस्तावेज वापस लेने से मना कर दिया था। इस वजह से उसके पति काफी परेशानी में चल रहे थे। मृतक के साले सोनू ने बताया कि 9 फरवरी को उसके जीजा के साथ विरोधियों ने दुर्व्यवहार किया था। इसके बाद कुछ लोग उसके जीजा को वाईपीएस स्कूल के पास ले गए थे। वहां उसको शराब पिलाकर पीटा गया था। इसके बाद उसे उसके जीजा का फोन आया था और बाद में वह उन्हें वहां से लेकर आए थे। इसके बाद 10 फरवरी को सुबह साढ़े 6 बजे वह अपने दफ्तर चले गए थे। लेकिन करीब 9 बजे उन्होंने दफ्तर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद उसकी बहन को दफ्तर से फोन आया था कि सोमपाल ने आत्महत्या कर ली है। हालांकि अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।
संस्कार में पहुंचे केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश
मुन्नी देवी के पति सोमपाल के संस्कार में वीरवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश भी शामिल हुए। उन्होंने शोक प्रकट करते हुए परिवार का हौसला बढ़ाया और पुलिस अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले आरोपियों पर एससी एक्ट की धाराओं को जोड़ा जाए। इस मौके पर भाजपा के चुनाव प्रभारी केडी भंडारी, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुखविंदर सिंह गोल्डी, संजीव वशिष्ट समेत अन्य नेता मौजूद थे।